Kerala Police Operation Round Up: केरल में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे राज्य में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन राउंड अप’ चलाया गया. इसके तहत केरल पुलिस ने कुल 1,663 लोगों को गिरफ्तार किया. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस विशेष अभियान में आदतन अपराधियों और गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों को निशाना बनाया गया. अभियान के दौरान गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े 691 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि विभिन्न मामलों में फरार 972 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
यह अभियान राज्य पुलिस प्रमुख रवादा आजाद चंद्रशेखर के निर्देश पर शुरू किया गया था. इसका उद्देश्य गुंडों, दोहराव अपराध करने वालों, चोरों और अन्य वांछित अपराधियों का पता लगाकर उन्हें कानून के दायरे में लाना था. यह विशेष ड्राइव 12 से 14 फरवरी, 2026 के बीच कानून-व्यवस्था एडीजीपी की निगरानी में आयोजित की गई. राज्यभर में समन्वित कार्रवाई के लिए उत्तर और दक्षिण जोन के आईजी, रेंज डीआईजी तथा जिला पुलिस प्रमुखों ने नेतृत्व किया.
अभियान के तहत की गई प्रमुख कार्रवाइयाँ इस प्रकार रहीं:
- 1,028 व्यक्तियों के खिलाफ BNSS की धारा 126/129 के तहत निवारक कार्रवाई की गई.
- केएएपीए (Kerala Anti-Social Activities Prevention) अधिनियम के अंतर्गत 20 लोगों को निवारक हिरासत में रखा गया.
- 30 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ राज्य से निष्कासन (एक्सटर्नमेंट) की कार्यवाही शुरू की गई.
- नशे में वाहन चलाने के 1,354 मामले दर्ज किए गए और इनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को और सुदृढ़ करने के लिए आने वाले महीनों में भी ऐसे लक्षित प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे. केरल में आने वाले कुछ ही महीनों में विधान सभा चुनाव भी होने हैं. इस ऑपरेशन से राज्य सरकार किसी भी तरह की आपराधिक छवि वाले लोगों पर शिकंजा कसकर सुरक्षा का माहौल तैयार करने का प्रयास भी कर रही है.
2021 में 140 विधान सभा सीटों वाले केरल विधानसभा में अप्रैल में चुनाव हुए थे. चुनाव आयोग किसी भी चुनाव का नोटिफिकेशन लगभग 1-2 महीने पहले जारी करता है. ऐसे में आने वाले कुछ दिनों 2026 के विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है.
ये भी पढ़ें:- PM Modi ने बांग्लादेश के नये PM तारिक रहमान को लिखा पत्र, भारत आने का दिया न्योता
ये भी पढ़ें:- असम कांग्रेस को झटका, भूपेन बोरा 22 फरवरी को BJP में होंगे शामिल
