Kangana on Generation Gutter statement : बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अपने जेनरेशन गटर वाली टिप्पणी का बचाव करते हुए कहा कि वह उन्होंने सभी युवाओं के लिए नहीं कहा था. उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं उन्हें जेनरेशन गटर कहा था, न कि पूरे देश के युवाओं को. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कंगना ने कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उन्हें नाराज नहीं होना चाहिए. क्योंकि कॉकरोच गटर से ही निकलते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि जो खुद को कॉकरोच नहीं मानते उनके लिए वह कमेंट नहीं था. "अगर कोई कहे कि मैं गटर में रहती हूं, तो मैं इससे इनकार कर दूंगी. लेकिन अगर कोई खुद को कॉकरोच बताए, तो जाहिर है कि वह गटर में ही रहेगा. और कहां रहेगा?" उन्होंने कहा कि उनके द्वारा कहा गया जेनरेशन गटर वाला स्टेटमेंट कोई जनरल कमेंट नहीं था, जो उन्होंने सभी यूथ को कहा था.
'मैंने कुछ लोगों या महिलाओं की बात की थी'
कंगना ने कहा, “क्या मैंने कहा कि सभी युवा गटर से जुड़े हैं? मैंने खास तौर पर कुछ लोगों या कुछ महिलाओं का जिक्र किया था.” उन्होंने कहा कि किसी खास वर्ग की बात को पूरे युवा वर्ग के लिए बयान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.
जंतर-मंतर प्रदर्शन के वीडियो पर जताई थी नाराजगी
उनकी टिप्पणी जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक को लेकर हुए छात्र प्रदर्शन के वीडियो और कंटेंट की आलोचना के बाद आई थी. कंगना ने कुछ वीडियो की भाषा और प्रदर्शनकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्हें बेहद आपत्तिजनक बताया था. इसी दौरान उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए ‘Generation Gutter’ शब्द का इस्तेमाल किया.
विपक्ष पर भी साधा निशाना
बुधवार को कंगना ने छात्र प्रदर्शन और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया कि क्या विपक्ष चाहता है कि गृह मंत्री अमित शाह संसद के परिसर में आकर उनसे आमने-सामने जवाब दें. कंगना ने विपक्ष पर 'इतने कम IQ वाले लोगों' वाली टिप्पणी भी की.
Also read : 1 लाख करोड़ का डिफेंस एग्रिमेंट: 60 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट खरीदेगा भारत; टाटा, महिंद्रा और HAL रेस में
कानूनी विवाद तक पहुंचा मामला
कंगना की टिप्पणी को लेकर मामला अब कानूनी स्तर तक पहुंच गया है. आगरा में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता रामशंकर शर्मा ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया है. MP-MLA स्पेशल कोर्ट में इस मामले पर 21 अगस्त को सुनवाई होगी.
