Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के 10 राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. हिमालयी इलाके में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है. इसके कारण तेज हवा, बारिश और बर्फबारी का दौर कई इलाकों में जारी है. इसी कड़ी में मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में मौसम के तेवर और तल्ख हो सकते हैं. IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई और इलाकों के कुछ हिस्सों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
एक नए पश्चिमी विक्षोभ की हो सकती है दस्तक
मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. इसके प्रभाव से 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में गरज-बिजली के साथ छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई है.
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में मौजूद है. इसका अक्ष (Axis) औसत समुद्र तल से करीब 5.8 किमी की ऊंचाई पर स्थित है. दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) बना हुआ है. पूर्वोत्तर अरब सागर से पंजाब तक सौराष्ट्र और कच्छ पश्चिम और पश्चिमी राजस्थान के पार एक ट्रफ फैला हुआ है. इन मौसमी गतिविधियों के कारण कई इलाकों में मौसम के तेवर तल्ख हैं.
अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम?
स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और ओलावृष्टि के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. 28 जनवरी को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
Also Read: Heavy Rain Alert: अगले 48 घंटे भयंकर बारिश, उत्तर पश्चिम भारत में गिरेगा पारा, फिर करवट लेगा मौसम
