टीएमसी नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी पत्नी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गई हैं. दक्षिण 24 परगना में हुई इस कार्रवाई को लेकर पुलिस का कहना है कि उन्होंने अपने पति की गिरफ्तारी के विरोध में फलता इलाके में प्रदर्शन किए थे. आरोप है कि इन प्रदर्शनों की वजह से इलाके की कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और तनाव का माहौल बना.
जहांगीर खान की पत्नी ने किया विरोध प्रदर्शन
16 जून को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता थाना के पास जहांगीर खान की पत्नी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया था. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग थाने के आसपास जुट गए थे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों ने कार्रवाई की और भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया. पुलिस के मुताबिक, लाठीचार्ज से बचने के लिए कुछ प्रदर्शनकारी पास के एक तालाब में कूद गए थे. इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
भारत-नेपाल सीमा के पास गिरफ्तार किया गया था जहांगीर खान को
जहांगीर खान को पश्चिम बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास गिरफ्तार किया गया था. उनके खिलाफ कम से कम सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर फाल्टा विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं और क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं.
यह भी पढ़ें : जहांगीर खान को लॉकअप से छुड़ाने के लिए थाने पर हमला, तृणमूल नेता की पत्नी निकली मास्टरमाइंड, 8 गिरफ्तार
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा ?
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 19 जून को कहा कि दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में हुई हिंसा के मामले में पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों पर हमला करने वालों के खिलाफ तीन अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं. उन्होंने बताया कि आरोपियों पर कड़ी धाराएं लगाई गई हैं. अधिकारी के मुताबिक, ग्रामीणों की एक भीड़ ने फाल्टा थाने पर धावा बोलकर जेल में बंद तृणमूल नेता जहांगीर खान को छुड़ाने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 12 पुलिस हिरासत और 13 न्यायिक हिरासत में हैं.