2 रेप, 1 मर्डर: हाई-प्रोफाइल दिल्ली केस में चौंकाने वाले खुलासे

Delhi Murder : एक अधिकारी के मुताबिक, आरोपी सुबह करीब 6 बजे घर में घुसा और युवती पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसने उसके साथ यौन उत्पीड़न भी किया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने डंडे से वार किए, जिससे युवती के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं.

Delhi Murder : दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक आईआरएस अधिकारी की 22 साल की बेटी (जो आईआईटी से पढ़ी थी) की बुधवार (22 अप्रैल) सुबह कथित तौर पर रेप के बाद हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इससे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया था. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस जांच में जुटी है.

राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से पकड़ा गया

दक्षिण रेंज के संयुक्त पुलिस अयुक्त (जेसीपी) विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस केस में घर के पूर्व घरेलू सहायक (नौकर) राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से पकड़ लिया है. वह 19 साल का है. जांच में सामने आया कि सीसीटीवी और गवाहों के मुताबिक वह सुबह करीब 6:30 बजे कॉलोनी में आया, 6:39 पर घर में घुसा और करीब 7:20 बजे निकल गया. पुलिस के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता रोज जिम जाते समय घर में ताला लगाकर चाबी बाहर रख देते थे, ताकि घरेलू सहायक काम कर सके. राहुल को पहले से पता था कि चाबी कहां रहती है, उसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया.

कमरे में बेहोश मिली युवती

कुमार के मुताबिक, जब परिवार जिम से लौटा तो उन्होंने बेटी को कमरे में बेहोश पाया. उसे तुरंत पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में रेप, हत्या और लूट की धाराओं में केस दर्ज किया है. उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने घर से करीब दो-ढाई लाख रुपये गायब होने की बात भी कही है. फिलहाल, आरोपी के पास से कुछ सामान बरामद किया गया है और आगे की जांच जारी है.

युवती घटना के वक्त घर में अकेली थी

पुलिस के अनुसार, यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती घटना के वक्त घर में अकेली थी. शुरुआती जांच में पता चला है कि पहले उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया और फिर मोबाइल के चार्जर के केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि आरोपी मीणा घर के हर हिस्से और परिवार के डेली रूटीन से अच्छी तरह वाकिफ था, इसलिए उसे अंदर घुसने और वारदात करने में आसानी हुई. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के एक कार क्लीनर और पड़ोस के एक घरेलू सहायक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >