IndiGo: मंगलवार को हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बड़ा हादसा हो गया. चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर फ्लाइन नंबर 6ई 108 में एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गयी. कुछ देर के लिए विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. घटना के वक्त विमान लैंड कर चुका था. एयरलाइन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाल लिया.
केबिन के पास सामान रखने वाली जगह से निकलने लगा धुआं
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक विमान के उतरने के तुरंत बाद केबिन में सामान रखने वाली जगह से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया. धुआं पावर बैंक में आग लगने के कारण निकला था. विमान में यात्रा कर रहे एक यात्री ने मीडिया को बताया कि जैसे ही विमान हवाई अड्डे पर उतरा, आग लगने की यह घटना घटी.
कुछ देर के लिए विमान में मच गई अफरा-तफरी
एक अन्य यात्री ने बताया कि विमान की आखिरी सीट पर बैठे एक शख्स के पावर बैंक से धुआं निकलने लगा. इसी दौरान क्रू कर्मचारी ने अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) के जरिये आग पर काबू पा लिया. इसी क्रम में विमान के अंदर काफी धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. आपाधापी के बीच यात्रियों को स्लाइडर (फिसलन वाले आपातकालीन रास्ते) के जरिये विमान से बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू के दौरान एक महिला यात्री हुई घायल
विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि निकासी के दौरान उसकी पत्नी का पैर मुड़ गया. जिससे बाद उसे चलने में काफी तकलीफ होने लगी. बाद में जीरकपुर के एक अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें कई फ्रैक्चर हुए हैं और सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है.
Also Read: कैबिनेट का फैसला: सुप्रीम कोर्ट में बढ़ेंगे जज, 34 से 38 होगी संख्या, संसद में आएगा बिल
