Viral Video : वीडियो सामने आने के बाद दक्षिण मध्य रेलवे ने मामले की जांच कराई. जांच में पता चला कि महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट करने वाला व्यक्ति तेलंगाना स्टेट पुलिस का होम गार्ड है. वह हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए तैनात था. मामले के बाद होम गार्ड को वापस तेलंगाना पुलिस विभाग भेज दिया गया है. दक्षिण मध्य रेलवे के अनुसार, उसके खिलाफ जरूरी विभागीय कार्रवाई के लिए मामला पुलिस विभाग को सौंप दिया गया है.
हैदराबाद के एक रेलवे स्टेशन पर महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर रमेश ने वीडियो जारी कर बताया कि मामले में आनंद नाम के होमगार्ड को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आनंद रेलवे सुरक्षा बल के साथ ड्यूटी कर रहा था. उसे हिरासत में लेकर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया होगी. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आनंद को होमगार्ड की नौकरी से हटा दिया गया है. अब उसका नाम होमगार्ड के रिकॉर्ड से भी हटाया जाएगा. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद लोग इसे लगातार शेयर कर रहे थे और होमगार्ड के जवान पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जवान पहले महिला को थप्पड़ मारता है. इसके बाद वह महिला के बाल पकड़कर उसे कुछ दूर तक घसीटता है. इस दौरान रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और कार्रवाई की मांग तेज हो गई.
