Jammu Kashmir: अमित शाह बोले, आर्टिकल 370 के हटने के बाद से जम्मू-कश्मीर में स्थापित हो रही शांति

Jammu Kashmir: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 के हटने के बाद से केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित हो रही है.

Jammu Kashmir: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि अनुच्छेद 370 के हटने के बाद से केंद्र शासित प्रदेश जम्��ू-कश्मीर में शांति स्थापित हो रही है. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर एक बार फिर पुरानी सभ्यता एवं परंपराओं की ओर लौट रहा है.

अमित शाह ने किया मां शारदा देवी मंदिर का उद्घाटन

गृह मंत्री अमित शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मां शारदा देवी मंदिर का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन के दौरान उक्त बातें कहीं. उन्होंने कहा कि केंद्र ने 5 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(ए) को निरस्त कर दिया. जम्मू-कश्मीर को उसी दिन दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित कर दिया गया.

अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर में शांति

अमित शाह ने उल्लेख किया कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में संस्कृति के पुनरुद्धार के लिए कई मंदिरों और आस्था केंद्रों का जीर्णोद्धार कर रही है. उन्होंने कहा कि शारदा पीठ भारत की सांस्कृतिक, धार्मिक और शैक्षिक विरासत का ऐतिहासिक केंद्र रहा है. अमित शाह ने कहा, मोदी सरकार करतारपुर कॉरिडोर की तरह शारदा पीठ को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की दिशा में आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर में शांति स्थापित होने से घाटी और जम्मू एक बार फिर अपनी पुरानी परंपरा, सभ्यता और गंगा-जमुनी तहजीब की ओर लौट रहे हैं.

चिन्हित स्थानों पर चल रहा व्यवस्थित जीर्णोद्धार और मरम्मत का काम

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की प्रतिबद्धता के अनुरूप, मोदी सरकार ने संस्कृति के पुनरुद्धार सहित जम्मू-कश्मीर के सभी क्षेत्रों में पहल की है. उन्होंने यह भी कहा, इसके तहत 123 चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित जीर्णोद्धार और मरम्मत का काम चल रहा है, जिसमें कई मंदिर और सूफी स्थल शामिल हैं. अमित शाह ने कहा कि पहले चरण में 65 करोड़ रुपये की लागत से 35 स्थानों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 75 धार्मिक और सूफी संतों के स्थलों को चिन्हित कर 31 मेगा-सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं.

गृहमंत्री ने देशवासियों को दी नववर्ष की शुभकामनाएं

अमित शाह ने कहा, यहां हर जिले में कुल 20 सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किए गए हैं जो हमारी पुरानी विरासत को पुनर्जीवित करने में बहुत मदद करेंगे. गृह मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा, आज नववर्ष के अवसर पर मां शारदा के नवनिर्मित मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है और यह पूरे भारत के श्रद्धालुओं के लिए एक शुभ संकेत है. उन्होंने कहा कि मां शारदा के मंदिर का उद्घाटन एक नए युग की शुरुआत है और शारदा पीठ के तत्वावधान में इस मंदिर की वास्तुकला एवं निर्माण पौराणिक शास्त्रों के अनुसार किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Samir kumar

More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >