Rain Alert: सितंबर के पहले हफ्ते में बारिश का दौर फिलहाल नहीं थमने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 2 से 5 सितंबर के बीच देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. खासतौर पर मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम ज्यादा खराब रहने का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 सितंबर तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 3 से 5 सितंबर के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
2 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 2 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 2 सितंबर से बारिश का दायरा बढ़ेगा और कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. मध्य प्रदेश के दोनों हिस्सों में 2 से 5 सितंबर के दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी.
3 और 4 सितंबर को MP में बढ़ेगा बारिश का जोर
- 3 सितंबर से पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश और तेज हो सकती है. मौसम विभाग ने 3 से 5 सितंबर के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.
- पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 3 और 4 सितंबर को बहुत भारी बारिश का खतरा बना रहेगा. इसके बाद 5 सितंबर को पूर्वी MP में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश के पड़ोसी छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. 3 सितंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
विदर्भ में 2 सितंबर को भारी बारिश, 3 सितंबर को बहुत भारी बारिश और 4 सितंबर को फिर कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है.
UP और उत्तराखंड में भी बरसेंगे बादल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 से 5 सितंबर के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में 2 से 7 सितंबर तक भारी बारिश का दौर चल सकता है.
हिमाचल प्रदेश में भी 2 और 3 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 2 से 5 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
बिहार-झारखंड में भी जारी रहेगी बारिश
- बिहार में 2 से 4 सितंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. झारखंड में 2 सितंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
- ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में भी 2 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है.
क्यों हो रही है इतनी बारिश?
मौसम विभागके मुताबिक गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी ओडिशा, झारखंड और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर वेल मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया बना हुआ है. इसके अगले 48 घंटों में उत्तरी ओडिशा और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है. इसी सिस्टम और उससे जुड़ी ट्रफ के असर से मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का जोर बना रहेगा.
