Kal ka Mausam : इन राज्यों में होगी भारी बारिश, आया मौसम विभाग का अलर्ट

Kal ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 और 20 नवंबर को शीतलहर जारी रह सकती है. 18 से 20 नवंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में और 19 नवंबर को मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर ठंडी हवाएं तेज रहने की उम्मीद है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल.

Kal ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 से 24 नवंबर के बीच तमिलनाडु में भारी बारिश होने की संभावना है. 19 से 22 नवंबर तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज बारिश की उम्मीद है. 18 नवंबर को तमिलनाडु और 21 नवंबर को अंडमान-निकोबार के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

झारखंड में ठंड से कुछ राहत मिलेगी

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले तीन दिनों में झारखंड का न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी. हालांकि सुबह और शाम में हल्की कनकनी बनी रहेगी. सुबह धुंध छायी रहेगी और दिन में मौसम शुष्क रहेगा.

राजस्थान में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस नीचे

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजस्थान का मौसम शुष्क रहा. बीती रात अधिकांश जगहों पर न्यूनतम तापमान 5 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब 3–4 डिग्री कम है. सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया.

दिल्ली में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे

दिल्ली में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही. मौसम की बात करें तो मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.7 डिग्री कम है. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बुधवार को भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे रिकॉर्ड किया जा सकता है.

पश्चिम और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम

अगले 24 घंटों में पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है. उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है. इसके बाद तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

इन राज्यों में शीतलहर का असर

विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर चल सकती है. 19 और 20 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में ठंडी हवा का असर जारी रहेगा. 18 से 20 नवंबर तक पूर्वी मध्य प्रदेश में भी शीतलहर रह सकती है. इसके अलावा, 18 नवंबर को विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में तथा 19 नवंबर को मध्य महाराष्ट्र में शीतलहर की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >