Haryana Congress: राम किशन गुर्जर ने कांग्रेस से इस्तीफा क्यों दिया इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि उन्होंने कहा- जिस तरह से सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी को बदनाम करने की कोशिश हो रही है. दुखी होकर मैंने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया. राम किशन गुर्जर पूर्व विधायक हैं. जबकि उनकी पत्नी शौली चौधरी नारायणगढ़ से विधायक हैं. उनकी पत्नी पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लग रहा है.
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 5 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 5 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगा है. कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा, कांग्रेस के साथ विश्वासघात करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रभारी महासचिव बीके हरिप्रसाद ने कहा कि क्रॉस-वोटिंग करने वाले और कांग्रेस के साथ विश्वासघात करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, मैं उनके नाम नहीं लूंगा, लेकिन लोगों को समझ आ गया है और जनता उन्हें सबक सिखाएगी.
बीजेपी के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध राज्यसभा के लिए निर्वाचित
बीजेपी के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध को हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित किया गया. इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के दो विधायकों ने मतदान नहीं किया जिससे 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में वैध मतों की संख्या घटकर 88 रह गई.
