अंडमान में गिनीज रिकॉर्ड, समंदर के भीतर फहरा दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा

Guinness Record: भारत ने अंडमान-निकोबार में 2400 वर्ग मीटर (Square Metre) का राष्ट्रीय ध्वज समुद्र के नीचे फहराकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. राधानगर बीच पर दर्जनों गोताखोर, नौसेना, पुलिस समेत कई और लोगों ने यह अनोखा अभियान पूरा किया है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Guinness Record: अंडमान निकोबार प्रशासन ने स्वराज द्वीप (हैवलॉक द्वीप) के राधानगर समुद्र तट पर समुद्र के भीतर दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा (राष्ट्रीय ध्वज) फहराकर नया कीर्तिमान बनाया है. यह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है. यह तिरंगा 60 मीटर लंबा और 40 मीटर चौड़ा है. इस विशेष अभियान में अंडमान निकोबार पुलिस, वन विभाग, भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल और विभिन्न डाइविंग केंद्रों के प्रशिक्षित गोताखोरों ने हिस्सा लिया. 200 से अधिक गोताखोरों की मदद से इस मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया. इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए उपराज्यपाल डीके जोशी, मुख्य सचिव चंद्र भूषण कुमार और पुलिस महानिदेशक एचएस धालीवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णायक ऋषिनाथ ने इस उपलब्धि की औपचारिक पुष्टि करते हुए प्रमाण-पत्र प्रदान किया. उपराज्यपाल ने इसे द्वीपों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी प्रतिभागियों की सराहना की.

स्कूली बच्चों ने भी दिखाया उत्साह

इस अभियान में तीन स्कूली बच्चे- फतेह जहां सिंह (16), लावन्या एरा (15) और रणविजय सिंह (14) सबसे कम उम्र के प्रतिभागी रहे. उन्होंने इस उपलब्धि को अपने जीवन का यादगार और गर्व का क्षण बताया. लावण्या बेंगलुरु के ऋषि वैली स्कूल 11वीं में पढ़ती हैं, जबकि रणविजय दिल्ली के सरदार पटेल विद्यालय में 10वीं कक्षा के छात्र हैं. वहीं फतेह सिंह गुरुग्राम के श्री राम स्कूल की 12वीं कक्षा के छात्र हैं. तीनों इस उपलब्धि से काफी उत्साहित हैं.

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अधिकारियों के अनुसार, यह रिकॉर्ड अंडमान-निकोबार को साहसिक पर्यटन और समुद्री गतिविधियों के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा.

एक और रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

प्रशासन अब रविवार को स्वराज द्वीप के ‘लाइटहाउस डाइव साइट’ पर ‘सबसे ऊंचा मानव पिरामिड’ बनाकर एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुटा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >