G-20 Summit: जी 20 सम्मेलन के लिए कल भारत आएंगे राष्ट्रपति बाइडेन, कोरोना पर CDC की गाइडलाइन का करेंगे पालन

अमेरिकी की प्रथम महिला जिल बाइडन सोमवार को ही कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं. इसके बाद, सोमवार और मंगलवार को बाइडन की भी कोरोना जांच की गई थी. हालांकि, जांच रिपोर्ट में उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है.

G-20 Summit: भारत जी 20 शिखर सम्मेलन के लिए पूरी तरह तैयार है. नई दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया गया है. विदेशी मेहमानों के स्वागत का भी विशेष इंतजाम किया गया है. इस बीच खबर है कि अमेरिकी राष्ट्रपति की पत्नी जिल बाइडेन कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई है. जिसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत और वियतनाम की अपनी आगामी यात्रा के दौरान कोविड-19 पर रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे. बता दें, बाइडन जी 20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सात सितंबर को भारत की यात्रा पर रवाना होंगे. उनका आठ सितंबर को इस ऐतिहासिक सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करने का कार्यक्रम भी है. इसके बाद, वह द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए वियतनाम का दौरा करेंगे.

जो बाइडेन की नहीं हुई कोरोना की पुष्टि
अमेरिकी की प्रथम महिला जिल बाइडन सोमवार को ही कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं. इसके बाद, सोमवार और मंगलवार को बाइडन की भी कोरोना जांच की गई थी. हालांकि, जांच रिपोर्ट में उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है. व्हाइट हाउस ने कहा था कि राष्ट्रपति की दो बार कोविड जांच की गई है और दोनों ही बार रिपोर्ट में उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लिहाजा इस सप्ताह उनकी भारत और वियतनाम की यात्रा की योजना में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, एक सवाल के जवाब में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केरीन जीन-पियरे ने कहा कि राष्ट्रपति सभी जरूरी सावधानियां बरत रहे हैं और सीडीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार मानक प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं.

सीडीसी के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं राष्ट्रपति बाइडेन
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केरीन जीन-पियरे ने बताया कि राष्ट्रपति बाइडेन निश्चित रूप से अपने चिकित्सकों की ओर से निर्धारित अवधि पर नियमित जांच कराते रहेंगे. खुद राष्ट्रपति और उनका प्रतिनिधिमंडल भारत रवाना होने से पहले भी कोरोना की जांच कराएगा. उसके अलावा राष्ट्रपति बाइडेन कोविड-19 पर सीडीसी के दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे हैं. जीन-पियरे ने कहा, सीडीसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बावजूद रोजाना जांच की सलाह नहीं देता. हम सीडीसी के दिशा-निर्देशों का पालन करने जा रहे हैं. जिसके तहत मास्क लगाना, नियमित अंतराल पर जांच कराना और लक्षणों पर नजर रखना शामिल है. जीन-पियरे ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन में कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं. फिर भी वो दिशा-निर्देशों का पालन करते रहेंगे.

अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यक्रम के कोई बदलाव नहीं- व्हाइट हाउस
इधर, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव केरीन जीन-पियरे ने कहा कि फिलहाल अमेरिकी राष्ट्रपति के यात्रा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. जीन-पियरे ने यह भी कहा कि बीते दो सालों से वरिष्ठ अधिकारी जब भी राष्ट्रपति के संपर्क में आते हैं, तो वे अपनी कोविड-19 जांच कराते हैं.
पिछले लगभग दो सालों से हम इसी तरह आगे बढ़े हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया नहीं बदली है. पियरे ने कहा कि व्हाइट हाउस के किसी प्रोटोकॉल में बदलाव नहीं किया गया है. जब हम राष्ट्रपति या उनके वरिष्ठ कर्मचारियों के संपर्क में आते हैं, तो हम जांच जरूर कराते हैं.

गौरतलब है कि भारत जी 20 के अध्यक्ष के रूप में 9 और 10 सितंबर को शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापानी प्रधान मंत्री फूमियो किशिदा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा शामिल हो रहे हैं. वहीं, सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी 10 सितंबर को ब्राजील के राष्ट्रपति लूला को जी 20 अध्यक्ष पद की कमान सौंपेंगे. ब्राजील एक दिसंबर को औपचारिक रूप से जी 20 की अध्यक्षता संभालेगा. जी20 समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >