कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) की भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर ED ने मंगलवार को कर्नाटक और अहमदाबाद में 21 ठिकानों पर छापेमारी की. ये कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है.
वेटरिनरी ऑफिसर भर्ती में हेरफेर का आरोप
वेटरिनरी ऑफिसर भर्ती में हेरफेर का आरोप है. ईडी की कार्रवाई का मुख्य फोकस KPSC की वेटरिनरी ऑफिसर भर्ती से जुड़े कथित भ्रष्टाचार पर ही है. तलाशी के दायरे में KPSC का कार्यालय, निलंबित चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस. साहूकार, KPSC सदस्य शांता होसमनी के परिसरों के अलावा कथित बिचौलियों के ठिकाने भी शामिल हैं. इसके अलावा परीक्षा की डिजिटल कॉपियां जांचने वाली एडुस्टेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय और कुछ चयनित उम्मीदवारों के परिसरों पर भी तलाशी ली जा रही है.
400 वेटरिनरी ऑफिसर पदों की भर्ती पर विवाद
मामला KPSC की ओर से 400 वेटरिनरी ऑफिसर पदों के लिए शुरू की गई भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है. इनमें 342 नियमित और 58 बैकलॉग पद शामिल थे. आरोप है कि कुछ कथित बिचौलियों ने उम्मीदवारों को सेलेक्शन लिस्ट में जगह दिलाने के नाम पर पैसे की मांग की. कुछ अभ्यर्थियों ने 80 लाख रुपये तक मांगे जाने का दावा किया है. हालांकि, ये आरोप अभी जांच के दायरे में हैं.
ये भी पढ़ें: Photos: JSSC CGL रद्द होते ही छात्रों में जश्न, हाथों में तिरंगा और चेहरे पर गुलाल, देखें तस्वीरें
पैसों की लेनदेन जांच रही है ईडी
जांच एजेंसी की तलाशी का उद्देश्य कथित भर्ती अनियमितताओं से जुड़े पैसे के लेन-देन, बिचौलियों की भूमिका और भर्ती प्रक्रिया में संभावित हेरफेर की कड़ियों का पता लगाना है. अधिकारियों की ओर से तलाशी के दौरान क्या बरामद हुआ, इसकी भी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
केरल में भी ईडी की रेड
इधर केरल में भी मंगलवार को ईडी ने सीएमआरएल-एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस मामले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत आठ ठिकानों पर नए सिरे से छापेमारी की. यह मामला पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना से भी जुड़ा है. एजेंसी के अनुसार, वह इस आरोप की जांच कर रही है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं के नाम पर वीना की अब बंद हो चुकी कंपनी Exalogic Solutions को कथित तौर पर 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया. ED ने जून में वीना के तिरुवनंतपुरम स्थित किराए के आवास पर भी छापेमारी की थी, जिसके बाद उनसे पूछताछ की गई थी.
