ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई उस मामले की जांच के तहत की गई है, जिसमें शराब कारोबार में कथित अनियमितताओं और अवैध तरीके से पैसे के लेन-देन के आरोप हैं. कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी की सूचना न्यूज एजेंसी पीटीआई ने दी है.
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल को धनशोधन रोकथाम कानून (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया गया है. अब जांच एजेंसी उन्हें स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी, ताकि पूछताछ की जा सके. अग्रवाल कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं. ईडी का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ, जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे.
सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ
ईडी का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों और राजनीतिक लोगों से जुड़े एक कथित आपराधिक गिरोह ने छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग पर पूरी तरह कब्जा कर लिया था. एजेंसी के मुताबिक, इस कथित सिंडिकेट के कारण सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ. ईडी ने दावा किया है कि शराब घोटाले के चलते राज्य को करीब 2,883 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.
ये भी पढ़ें: Jharkhand Liquor Scam: JSBCL के IT मैनेजर से ACB की पूछताछ, पूछा- 'डिजिटल ट्रैकिंग के बाद भी कैसे बिकी फर्जी शराब?'
एजेंसी अब तक छह आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और 81 लोगों को आरोपी बनाया है. इनमें भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास, पूर्व संयुक्त सचिव अनिल टुटेजा, पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और मुख्यमंत्री कार्यालय की पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया शामिल हैं.
