Delhi Weather: गर्मी से तप रही दिल्ली, 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, 25 मई तक लू का अलर्ट

Delhi Weather: दिल्ली की गर्मी झुलसा रही है. भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राजधानी के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक राहत की उम्मीद नहीं जताई है.

Delhi Weather: देश की राजधानी दिल्ली गर्मी से तप रही है. मंगलवार को इस महीने पहली बार लू की स्थिति दर्ज की गई. चिलचिलाती धूप और शुष्क हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) ने आने वाले दिनों में भीषण लू की चेतावनी देते हुए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले 23, 24 और 25 अप्रैल को भी दिल्ली में लू की स्थिति दर्ज की गई थी. दिल्ली में साल 2024 के बाद से मई का सबसे गर्म दिन आज (19 मई) को दर्ज किया गया है. राष्ट्रीय राजधानी में इससे अधिक तापमान पिछले साल 26 मई को दर्ज किया गया था, जब तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था.

कई इलाकों में 45 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

आईएमडी के अनुसार सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा. पालम स्टेशन पर भी तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि लोधी रोड में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक तापमान रिज क्षेत्र में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था. वहीं आयानगर में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

रात में भी नहीं मिल रही राहत

दिल्ली में दिन के साथ-साथ भीषण गर्मी का असर रात में भी दिखाई दे रहा है. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था. पालम और रिज में न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी रोड और आयानगर में भी सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया.

अगले एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं

स्काईमेट मौसम के महेश पलावत ने कहा कि अगले एक सप्ताह तक दिल्ली-एनसीआर में लू की स्थिति बनी रह सकती है. उन्होंने कहा कि राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान से आने वाली उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं दिल्ली की गर्मी को और बढ़ा रही हैं. ये हवाएं वातावरण में नमी कम कर देती हैं, जिससे सतह के पास गर्मी फंस जाती है और तापमान लगातार बढ़ता रहता है.

वायु गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में पहुंची

भीषण गर्मी के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा भी खराब होती जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 208 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (Commission for Air Quality Management) ने पूरे एनसीआर में ग्रैप (GRAP) के पहले चरण के तहत पाबंदियां लागू कर दी हैं.

Also Read: भीषण गर्मी, हीट वेव और धूल भरी आंधी… इन राज्यों में और चढ़ेगा पारा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >