दिल्ली में अगले 72 घंटे तक कैसा रहेगा मौसम? बारिश को लेकर आईएमडी का अपडेट

Delhi Rain Warning: दिल्ली-NCR में शुक्रवार की भारी बारिश के बाद आज (8 अगस्त) को भी मौसम बदला-बदला रहेगा. आईएमडी के मुताबिक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता कम रहने के आसार हैं. बादल छाए रहेंगे और 10 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है.

Delhi Rain Warning: दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भारी बारिश ने उमस और गर्मी से काफी राहत दी. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 8 अगस्त को भी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, हालांकि बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है. आईएमडी के मुताबिक दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. आज के लिए मौसम विभाग की ओर से कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.

8 अगस्त- कई इलाकों में बारिश के आसार

शनिवार (8 अगस्त) को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना है. शाम और रात के दौरान भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हवा सुबह दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. शाम और रात में हवा की गति बढ़कर करीब 20 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

9 अगस्त- हल्की बारिश का एक और दौर

रविवार को भी दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर तक बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शाम के समय एक बार फिर हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है.

10 अगस्त को भी बरस सकते हैं बादल

सोमवार को राजधानी में बादल छाए रहेंगे और दोपहर से शाम के बीच एक-दो बार बहुत हल्की बारिश हो सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस तरह दिल्ली में तेज बारिश की गतिविधियां भले ही शनिवार से कमजोर पड़ने लगें, लेकिन 10 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

दिल्ली में अगस्त के पहले हफ्ते में 15 साल की सबसे ज्यादा बारिश

दिल्ली में अगस्त की शुरुआत इस बार जोरदार मानसूनी बारिश के साथ हुई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगस्त के पहले सात दिनों में राजधानी में 127 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 2011 के बाद इस अवधि की सबसे अधिक बारिश है.

खास बातें

  • अगस्त के पहले सात दिनों में दिल्ली में 127 मिमी बारिश दर्ज
  • 2011 के बाद पहले सप्ताह में सबसे ज्यादा वर्षा
  • शुक्रवार को पुष्प विहार में 111.5 मिमी और छतरपुर में 104.5 मिमी बारिश
  • 8 अगस्त को कई जगह हल्की और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के आसार
  • 9 और 10 अगस्त को भी हल्की बारिश की संभावना
  • अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान

शुक्रवार को दिनभर बरसे बादल

शुक्रवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से शाम तक लगातार बारिश होती रही. दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में सबसे अधिक 111.5 मिमी, जबकि छतरपुर में 104.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. आया नगर में 87.4 मिमी, पालम में 73.5 मिमी, जनकपुरी में 68 मिमी, झरोदा कलां में 67 मिमी, पूसा में 59.5 मिमी और सफदरजंग में 57.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा नारायणा में 53 मिमी, रिज में 49.6 मिमी, लोधी रोड में 49.3 मिमी और मयूर विहार में 36 मिमी बारिश दर्ज की गई.

इतनी बारिश क्यों हो रही है?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश बढ़ने के पीछे कई मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं. इनमें मानसून ट्रफ, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) शामिल है.

Also Read: Heavy Rain Alert: 12 अगस्त तक कई राज्यों में तेज बारिश, IMD ने बताया कहां बरसेंगे सबसे ज्यादा बादल



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >