Delhi Fire: आग लगने की सूचना के बाद दमकल गाड़ियों, एम्बुलेंस और पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा गया. अधिकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने की खबर आने के बाद एक अफवाह फैली कि शिक्षा विभाग के ऑफिस में आग लगी है. इसपर शिक्षा मंत्रालय का बयान भी आया और शिक्षा विभाग के ऑफिस में आग लगने की घटना का खंडन किया. मंत्रालय ने साफ किया कि आग लगने की घटना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में हुई थी, न कि शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में. शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह भवन कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली में स्थित है, जबकि आग लगने की घटना आईटीओ, नई दिल्ली में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के परिसर में हुई थी. मंत्रालय ने आगे बताया कि आग मामूली थी और उस पर तुरंत काबू पा लिया गया.
मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर हमला बोला
आग लगने की घटना पर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने अपना एक वीडियो बनाया और उसे एक्स पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्रालय के कार्यालय में आग लगने की खबर है. उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- नीट का पेपर लीक हुआ. सीबीएसई में घोटाला हुआ. एक ठग कंपनी को ठेका दे दिया गया. इसके बाद शिक्षा मंत्रालय के ऑफिस में आग लगा दी गई या लग गई.
