Delhi Boy Shot: दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक 17 वर्षीय लड़के को गोली मारने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. बताया जा रहा है कि किशोर ने अपनी महिला मित्र पर की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध किया था, जिसके बाद कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया और गोली चला दी. मंगलवार देर शाम वह अपने दोस्तों के साथ बाहर खाने गया था तभी यह घटना घटी.
घायल लड़के के पिता ने बताया कि रात करीब 8 बजे उन्हें बेटे के दोस्तों का फोन आया था. उन्होंने कहा, ‘मुझे बताया गया कि मेरे बेटे का एक्सीडेंट हो गया है और तुरंत अस्पताल पहुंचने को कहा गया. लेकिन जब मैं मूलचंद अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि गोलीबारी का मामला है.’
पीड़ित के पिता के मुताबिक, उनके बेटे के दोस्त उसे लेकर खाने के लिए बाहर गए थे. उसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनकी महिला मित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगे. पिता ने बताया, ‘मेरे बेटे ने जब इसका विरोध किया तो उन लोगों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर गोली चला दी.’
पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है. पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है और पुलिस के मुताबिक वह मुख्य शूटर नहीं है. घटना के समय आरोपी शराब के नशे में थे. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मुख्य आरोपी इस साल दूसरी बार फायरिंग की घटना में शामिल हुआ है.
4-5 मिनट बाद लौटकर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7:54 बजे अमर कॉलोनी थाने में फायरिंग की PCR कॉल मिली थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़ित एक खाने की दुकान पर अपनी महिला मित्र के साथ बैठा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां से गुजरे और उनमें से एक ने कथित तौर पर लड़के की कुर्सी को छुआ. जब किशोर ने इसका विरोध किया तो आरोपी वहां से चले गए. हालांकि करीब 4-5 मिनट बाद वे दोबारा लौटे और उनमें से एक युवक ने गोली चला दी.
ये भी पढ़ें:- INS कोलकाता ने MV माशाअल्लाह 1 को बचाया, इंडियन नेवी के सामने समुद्री लुटेरों का सरेंडर
ये भी पढ़ें:- केरल: पूर्व CM विजयन और उनकी बेटी के घर ED की रेड, कन्नूर से तिरुवनंतपुरम तक 12 ठिकानों पर छापे, क्या है मामला?
AIIMS ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
गोली लगने के बाद घायल किशोर को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि लड़के की हालत गंभीर जरूर है, लेकिन फिलहाल स्थिर बनी हुई है. घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं. पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी निगरानी के जरिए बाकी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. मामले की जांच फिलहाल जारी है.
