Congress Protest: दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया है. हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, "यह अंत नहीं है; यह राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई क्रांति की शुरुआत है. वे हमें जेल में डाल सकते हैं, लाठीचार्ज कर सकते हैं या हमारे साथ बुरा बर्ताव कर सकते हैं, लेकिन मोदी जी को भारत के उन लाखों बेटे-बेटियों को जवाब देना होगा जिन्होंने पेपर लीक के कारण अपना भविष्य खो दिया है और अपने परिवारों की उम्मीदों को खत्म होते देखा है. यह क्रांति अब एक प्रचंड आग का रूप लेगी; राहुल गांधी के नेतृत्व में इसे रोका नहीं जा सकेगा."
अखिलेश यादव भी लिए गए हिरासत में
कांग्रेस नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कई अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. अखिलेश को राहुल गांधी के साथ बस में बैठाकर पुलिस ले गई. बस में बैठाने के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रतिरोध भी किया.
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी की गई : पवन खेड़ा
राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "सब कुछ आपके सामने है. देखिए, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत हमारे नेताओं के साथ किस तरह बदसलूकी की गई. क्या हम आज के देश में ऐसा माहौल चाहते हैं? क्या आपको देश में लोकतंत्र दिखाई दे रहा है? हम यहां फिर से विरोध प्रदर्शन करने आएंगे."
धरना स्थल पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से की मुलाकात, फिर नहीं बनी बात
धरना शुरू होने के कुछ देर बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बात की और धरना खत्म करने का आग्रह किया. राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सिंह ने ‘एक्स’पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं से बातचीत के लिए उन्हें और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को मौके पर भेजा था. जितेंद्र सिंह ने बताया, "राहुल गांधी से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया गया, क्योंकि प्रधानमंत्री आवास के बाहर का क्षेत्र प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान नहीं है और वहां धरने के कारण आम लोगों को असुविधा हो रही थी. बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि यदि सरकार 'नीट' (NEET) और उससे जुड़े आंदोलन के सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार हो जाती है, तो वह धरना समाप्त कर देंगे. इस पर उन्हें आश्वासन दिया गया कि सरकार संसद में सभी संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है. इसके बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी रख दी और कहा कि अब उनकी दो मांगें हैं. जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का यह व्यवहार लोकतंत्र के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है."
ये भी पढ़ें: मोदी जी के अपने बच्चे नहीं हैं, इसलिए नहीं समझते दर्द, केजरीवाल ने छात्रों से कहा- डटे रहो, तानाशाह को झुकना पड़ेगा
ये भी पढ़ें: "इस बार नहीं बच पाएंगे पीएम मोदी", राहुल गांधी ने देशवासियों से की धरने में शामिल होने की अपील
