कोयंबटूर में टूरिस्ट वैन खाई में गिरी, 9 लोगों की मौत

Coimbatore Accident : तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपराई पहाड़ियों में एक टूरिस्ट वैन हेयरपिन मोड़ (तेज और संकरा घुमाव वाला रास्ता) से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

Coimbatore Accident : पुलिस के मुताबिक यह हादसा तब हुआ जब गाड़ी 13वें हेयरपिन मोड़ पर कंट्रोल से बाहर हो गई. केरल के पेरिंथलमन्ना से आए 13 पर्यटकों का यह ग्रुप वालपराई घूमकर लौट रहा था. गाड़ी 21 साल के मोहम्मद फासिथ चला रहे थे. मोड़ लेते समय वाहन फिसल गया और सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़कते हुए सीधे खाई में गिर गई. अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव का काम शुरू किया.

जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, वालपराई सब-डिवीजन के डीएसपी और पुलिस इंस्पेक्टर तुरंत मौके पर पहुंच गए. उन्होंने खुद वहां राहत और बचाव कार्य की कमान संभाली और टीमों के साथ मिलकर लोगों को निकालने का काम शुरू कराया.

बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया

हादसे के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. मौके पर 16 एंबुलेंस पहुंचीं, जिनमें से 13 घायल लोगों को लेकर पोलाची सरकारी अस्पताल पहुंचीं. सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच जारी है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर गहरा दुख जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोयंबटूर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की. राष्ट्रपति ने कहा कि इस हादसे से वह बेहद दुखी हैं. प्रभावित परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं.

पीएम मोदी ने जताया दुख

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि कोयंबटूर हादसे की खबर से वे बेहद दुखी हैं, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

डिजिटल जर्नलिज्म में 14 वर्षों से अधिक का अनुभव है. करियर की शुरुआत Prabhatkhabar.com से की. राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर अच्छी पकड़ है. राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहन लेखन का अनुभव रहा है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में विशेष रुचि है. ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग खबरों पर लगातार फोकस रहता है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >