CJP Protest Day 2: अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्र किसानों के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और अब उन्हें किसानों की एकजुटता की आवश्यकता है. हालांकि शनिवार को इस विरोध-प्रदर्शन में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया, लेकिन शाम के समय पुलिस ने मौजूद लोगों से स्थल खाली करने को कहा. पुलिस ने बताया कि सभा के लिए दी गई अनुमति शाम पांच बजे समाप्त हो गई थी.
दीपके और कई प्रदर्शनकारी रात भर डटे रहे
दीपके और कई अन्य प्रदर्शनकारी रात भर वहीं रहे और जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा. इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की अपनी मांग भी दोहराई. दीपके ने लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पुनर्परीक्षा देने वाले छात्रों से परीक्षा के बाद प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया.
दीपके ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों के लिए मांगा एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा
दीपके के ‘थाली और चम्मच’ लाने के आह्वान के बाद सैकड़ों समर्थक, जिनमें से अधिकांश युवा थे, जंतर-मंतर पर एकत्र हुए और प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए चम्मचों से थालियां बजायीं. दीपके ने पेपर लीक और प्रवेश परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है.
दिल्ली पुलिस ने कहा प्रदर्शन की समयसीमा शनिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गई है
दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन के लिए दी गई अनुमति की समयसीमा शनिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गई है तथा उसने प्रदर्शनकारियों को स्थल खाली करने के लिए भी कहा, इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा. दीपके ने पुलिस से विरोध प्रदर्शन के लिए एक अलग स्थल आवंटित करने को कहा है लेकिन तब तक वे जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखेंगे. उन्होंने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में पुलिस से लोगों को जंतर-मंतर आने से नहीं रोकने की अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं और वे केवल उन छात्रों के लिए न्याय मांग रहे हैं जिन्होंने आत्महत्या की है.
शिक्षा मंत्री इस्तीफा दे दें तो बातचीत के रास्ते खुले हैं : दीपके
रात बढ़ने के साथ ही दीपके और प्रदर्शनकारी स्थल पर डटे रहे, जिससे यह प्रदर्शन रातभर चलने वाले धरने में तब्दील हो गया. प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे. प्रदर्शन स्थल पर रातभर समर्थकों की मौजूदगी लगातार बनी रही. इस दौरान दीपके भी लगातार लोगों को संबोधित करते रहे और अधिक से अधिक लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते रहे. दीपके ने कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा और केंद्र के साथ बातचीत की अपनी अपील दोहराते हुए कहा कि यदि जवाबदेही तय की जाए और शिक्षा मंत्री इस्तीफा दे दें तो बातचीत के रास्ते खुले हैं. यह विरोध प्रदर्शन शनिवार दोपहर को शुरू हुआ था.
