वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज, 1 फरवरी, 2026 को लगातार अपना नौवां बजट पेश किया. सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बाद, वह ‘कर्तव्य भवन’ पहुंचीं और देश के लिए सुधारों का एक पैकेज पेश किया. अगर आप सोच रहे हैं कि इस बजट में आपके लिए क्या है, तो हमने इसे बहुत ही आसान शब्दों में समझाया है.
स्लैब में बदलाव नहीं और डेडलाइन में बड़ी राहत
सबसे पहली बात, इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है. लेकिन, वित्त मंत्री ने रिवाइज्ड रिटर्न (आईटीआर सुधारने) भरने वालों को गुड न्यूज दी है. अब आप 31 दिसंबर की जगह 31 मार्च तक अपना रिवाइज्ड रिटर्न भर पाएंगे. यानी आपको 3 महीने का एक्स्ट्रा समय मिलेगा. इसके अलावा, मोटर एक्सीडेंट क्लेम से मिलने वाले ब्याज पर अब कोई टैक्स नहीं देना होगा.
विदेश घूमना और पढ़ाई होगी सस्ती: TCS में भारी कटौती
अगर आप विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं या बाहर पढ़ाई करने जा रहे हैं, तो आपके लिए बहुत बड़ी खबर है. वित्त मंत्री के अनुसार, विदेश यात्रा के पैकेज पर लगने वाला TCS (Tax Collection At Source) जो पहले 5% से 20% तक था, उसे घटाकर अब सिर्फ 2% कर दिया गया है. साथ ही, विदेश में पढ़ाई और इलाज के लिए पैसे भेजने पर भी TCS 5% से घटकर 2% रह गया है.
सस्ता क्या, महंगा क्या?
बजट के बाद कुछ चीजें आपकी पहुंच में और आसान हो जाएंगी:
- सस्ता होगा: मोबाइल फोन, इलेक्ट्रिक स्कूटर (EV), इलेक्ट्रिक कारें, और सोलर पैनल से जुड़ी चीजें.
- दवाइयां: कैंसर की 17 दवाइयां अब सस्ती मिलेंगी क्योंकि उन पर कस्टम ड्यूटी हटा दी गई है. 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाइयां भी सस्ती होंगी.
- कूरियर: सामान भेजना अब पहले से कम खर्चीला होगा.
- महंगा होगा: शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करना थोड़ा महंगा हो सकता है क्योंकि STT (Securities Transaction Tax) को 0.02% से बढ़ाकर 0.05% कर दिया गया है.
एजुकेशन और यूथ के लिए नए ‘कंटेंट क्रिएटर लैब्स’
युवाओं के लिए वित्त मंत्री ने एक कूल स्टेप उठाया है. अब स्कूल और कॉलेजों में ‘कंटेंट क्रिएटर लैब्स’ बनाए जाएंगे. इसके अलावा, देश के हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाने का प्रस्ताव रखा गया है. स्पोर्ट्स को करियर बनाने वालों के लिए ‘खेलो इंडिया मिशन’ शुरू होगा ताकि अगले 10 साल में खेल का पूरा माहौल बदला जा सके. साथ ही, उत्तर भारत में NIMHANS 2.0 की स्थापना होगी.
महिलाओं और गांवों के लिए खास ‘शी-मार्ट्स’
गांवों की महिलाओं को बिजनेस में आगे बढ़ाने के लिए ‘लखपति दीदी’ प्रोग्राम को और मजबूत किया जाएगा. इसके तहत ‘She-Marts’ (शी-मार्ट्स) लॉन्च किए जाएंगे, जहां महिला उद्यमी अपने प्रोडक्ट्स बेच सकेंगी. खादी और हैंडलूम को बढ़ावा देने के लिए ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज’ पहल शुरू होगी.
खेती-किसानी में अब AI का जलवा
किसानों के लिए ‘भारत-विस्तार’ (Bharat-VISTAAR) नाम का एक AI टूल लॉन्च किया जा रहा है. यह ऐप किसानों को खेती से जुड़े सही फैसले लेने और पैदावार बढ़ाने में मदद करेगा. इसके अलावा नारियल, काजू, बादाम, अखरोट और चंदन की खेती करने वाले किसानों के लिए भी विशेष पैकेज दिए गए हैं.
शहरों का कायाकल्प: टियर-2 और टियर-3 पर फोकस
अब सिर्फ बड़े शहर ही नहीं, बल्कि छोटे शहर भी चमकेंगे. सरकार ने उन शहरों के लिए 11.2 लाख करोड़ रुपये अलॉट किए हैं जिनकी आबादी 5 लाख से ज्यादा है. AMRUT योजना के तहत इन शहरों का इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारा जाएगा. साथ ही, पहाड़ों (हिमाचल, उत्तराखंड, J&K) और तटीय इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए ट्रेल्स (रास्ते) बनाए जाएंगे. सफर को आसान बनाने के लिए वित्त मंत्री ने 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और नए वॉटरवेज (जलमार्ग) बनाने का प्रस्ताव दिया है. इससे सामान की डिलीवरी भी तेज होगी और ट्रैवलिंग भी.
ये भी पढ़ें: Union Budget 2026: पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ करेगी सरकार, बजट में प्रावधान
