Breaking News: देश में आज लगभग 46 लाख को दी गई वैक्सीन की डोज, दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 66 नए केस

Breaking News LIVE Updates, 24 July 2021: उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए दिल्ली सरकार ने 293 करोड़ रुपये जारी किये हैं. मध्य प्रदेश के इंदौर में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है. देश विदेश की ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ...

Live Updates
10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

भारत में आज लगभग 46 लाख को लगाई गई वैक्सीन की डोज

भारत में आज लगभग 45,74,298 कोरोना वायरस वैक्सीन की डोज लगाई गई. स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, आज 7 बजे तक की रिपोर्ट के मुताबिक कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 43 करोड़ (43,26,05,567) हो गया है. वहीं, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 66 नए मामले और 52 रिकवरी दर्ज की गई हैं. इस अवधि में कोई मौत नहीं हुई है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

मुंबई के वर्ली में निर्माणाधीन बिल्डिंग में लिफ्ट गिरने से 4 लोगों की मौत, मंत्री आदित्य ठाकरे बोले- जांच जारी

महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि वर्ली में निर्माणाधीन बिल्डिंग में जो दुर्घटना हुई है हम उसके लिए आए हैं. 2-3 लोगों की लिफ्ट थी, जिसमें 6 लोग गए थे. उसमें शायद ओवरलोड हुआ और इस वजह से लिफ्ट गिरी है. जांच चल रही है. हम 1 घायल व्यक्ति को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

महाराष्ट्र के सतारा जिले में बाढ़ से अब तक कुल 22 लोगों की मौत

एनडीआरएफ की टीम ने महाराष्ट्र के सतारा की पाटन तहसील के ढोकावाले गांव से 4 शव बरामद किए हैं. जिला प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि सतारा जिले में बाढ़ से अब तक कुल 22 लोगों की मौत हो चुकी है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

किसान भाजपा के साथ, फिर से बनेगी BJP की ही सरकार : केंद्रीय मंत्री

बीकेयू के नेता राकेश टिकैत के बयान पर केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि ये किसान आंदोलन नहीं, ये राकेश टिकैत और उनके कुछ समर्थकों का आंदोलन है. किसान अगर आंदोलित होता तो पूरे देश का किसान आंदोलित होता. किसान भाजपा के साथ खड़ा है इसलिए फिर से भाजपा की ही सरकार बनेगी.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

केरल में 2 और लोगों में जीका वायरस की पुष्टि

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में 2 और लोगों में जीका वायरस की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही राज्य में जीका के कुल मामलों की संख्या 46 हो गई है. इनमें से 5 मरीजों का इलाज चल रहा है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

दिल्ली में सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स खोलने की मिली इजाजत

दिल्ली के स्पा 26 जुलाई से खुलेंगे, इनमें काम करने वाले कर्मचारियों का पूर्ण टीकाकरण या हर पखवाड़े आरटी-पीसीआर जांच कराया जाना अनिवार्य होगा. दिल्ली में सोमवार से शादी समारोह और अंतिम संस्कार में अधिकतम 100 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

हरियाणा में लॉकडाउन 2 अगस्त तक बढ़ा, केरल में मिले 18,531 नए मामले

हरियाणा सरकार ने कुछ और ढील के साथ कोविड प्रतिबंधों को 2 अगस्त तक बढ़ा दिया है. वहीं, केरल में आज कोरोना के 18,531 नए मामले सामने आए है. वहीं, 15,507 रिकवरी और 98 मौतें दर्ज की गई है. जबकि, सक्रिय मामले 1,38,124 और कुल मृत्यु 15,969 दर्ज हुई है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

गोवा में बाढ़ से भारी तबाही, 4000-5000 लोगों के घरों को पहुंचा नुकसान

गोवा में बाढ़ से 4000-5000 लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा है. लोगों के घर में पानी गया है. करीब 1000 घर ढ़ह गए हैं या टूटे हैं. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत कहा कि सभी सरकारी स्टॉफ और मशीनरी काम पर लगे हैं. उन्होंने कहा कि कल मेरी गृहमंत्री अमित शाह से बात हुई. उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी फोन आया. उन्होंने रिव्यू लिया. कल तक मैं उनको लिखित में भेज दूंगा. इस बार की बाढ़ में ताउते तूफान से भी अधिक नुकसान हुआ है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

गोरखपुर एम्स का अक्टूबर में पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन : सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 ज़िले मेडिकल कॉलेज से आच्छादित होंगे. इसके अलावा हमने पिछले वर्ष दो एम्स का शुभारंभ किया है. गोरखपुर और रायबरेली के एम्स बनकर तैयार होने जा रहे हैं. गोरखपुर एम्स का उद्घाटन प्रधानमंत्री के कर कमलों से हम लोगों ने अक्टूबर में प्रस्तावित किया है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मावियोंग में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का उद्घाटन किया

मेघालय पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मावियोंग में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि आज मैं मेघालय और संपूर्ण पूर्वोत्तर की जनता को बधाई देना चाहता हूं. यह अंतरराज्यीय बस टर्मिनल नॉर्थ ईस्ट की रोड कनेक्टिविटी के लिए एक बहुत बड़ा केंद्र बनने वाला है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

सीएम उद्धव ठाकरे ने रायगढ़ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तलिए गांव का दौरा किया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में रायगढ़ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र तलिए गांव का दौरा किया. रायगढ़ जिले के तलिये गांव में भूस्खलन होने से भारी नुकसान हुआ है. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में एक व्यक्ति ने बताया हमारे गांव में 40 घर हैं और इस वक्त 100 लोग रह रहे हैं. गांव में कुछ भी नहीं बचा है. भूस्खलन के बाद इलाका पूरा मैदान में बदल गया है.

10:25 PM. 24 Jul 21 10:25 PM. 24 Jul

ICSE कक्षा 10वीं और ISC कक्षा 12वीं के नतीजे घोषित

ICSE कक्षा 10वीं और ISC कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. ICSE के लिए इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 99.98% और ISC के लिए 99.76% है.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

दो दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा

गोवा के दो दिवसीय दौरे के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज पणजी पहुंचे हैं. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उनका स्वागत किया और कहा कि मैं गोवा के लोगों और सरकार की ओर से जेपी नड्डा का स्वागत करता हूं. वह यहां पार्टी के काम के लिए आए हैं. इसके साथ, हमने राज्य में आगामी चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

तमिलनाडु में बच्चों को मुफ्त में लगेगा निमोनिया का वैक्सीन

तमिलनाडु ने चेन्नई के एग्मोर गवर्नमेंट चिल्ड्रन हॉस्पिटल में शिशुओं के लिए न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन तैयार किया है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एमए सुब्रमण्यम ने कहा कि हमारे पास स्टॉक में 7000 वैक्सीन हैं. हम सरकारी अस्पतालों में बच्चों को मुफ्त में वैक्सीन लगायेंगे.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

18 अक्तूबर तक एनएसए के तहत किसी को भी पकड़ सकती है दिल्ली पुलिस

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने एक अधिसूचना जारी की है. इसके तहत पुलिस आयुक्त को 18 अक्टूबर 2021 तक राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत किसी को भी पकड़ने की शक्ति प्रदान करता है.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

बांदीपोरा में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा के सुंबलर इलाके के शोकबाबा जंगल में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये हैं. पुलिस और सुरक्षा बल ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं. जम्मू कश्मीर पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रगति पर है.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

बच्चों पर चल रहा है वैक्सीन का ट्रायल, सितंबर तक आयेंगे नतीजे

एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने कहा कि भारत बायोटेक के वैक्सीन का बच्चों पर ट्रायल चल रहा है. सितंबर तक इसके परिणाम आने की उम्मीद है.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

एक दिन में सामने आये कोरोना के 39,097 नये मामले, 546 की मौत

देशभर में पिछले 24 घंटे में कोरोनावायरस संक्रमण के 39,097 नये मामले दर्ज किये गये हैं. वहीं एक दिन में 35,087 लोग रिकवर हुए हैं. जबकि इसी अवधि में 546 और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 4,20,016 हो गया है. अब तक 3,05,03,166 लोगों ने कोरोना को मात दी है. देश में कुल एक्टिव मामले 4,08,977 हैं. अब तक 42,78,82,261 वैक्सीन के डोज लगाये जा चुके हैं.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

गुरु पूर्णिमा पर पीएम मोदी ने भगवान बुद्ध के उपदेशों को किया याद

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भगवान बुद्ध के उपदेशों को याद किया. उन्होंने कहा कि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने हमें संपूर्ण जीवन का स्रोत बताया. उन्होंने हमें दुख और उसके कारणों के बारे में बताया. उन्होंने हमें आश्वासन दिया कि दुखों पर जीत हासिल की जा सकती है, उन्होंने हमें ऐसा करने का तरीका भी बताया.

3:07 PM. 24 Jul 21 3:07 PM. 24 Jul

एमपी के इंदौर में गर्भवती के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू

मध्य प्रदेश के इंदौर में गर्भवतियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गयी है. टीकाकरण अधिकारी डॉ तरुण ने बताया कि हमने मंगलवार और शुक्रवार का दिन गर्भवती महिलाओं के लिए आरक्षित किया है.

7:56 AM. 24 Jul 21 7:56 AM. 24 Jul

 यूपी के बाराबंकी में सड़क हादसा, 6 की मौत, 16 घायल 

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा हुआ है. इसमें 6 लोगों की मौत हो गयी और करीब 16 लोग घायल हो गये.

मुख्य बातें

Breaking News LIVE Updates, 24 July 2021: उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए दिल्ली सरकार ने 293 करोड़ रुपये जारी किये हैं. मध्य प्रदेश के इंदौर में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है. देश विदेश की ताजा खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >