Bharat Bandh LIVE: गुजरात में बंद का दिखा असर, जयपुर और जोधपुर में भी पसरा रहा सन्नाटा, पटना में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
Bharat Bandh LIVE Latest Updates: SC-ST आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.

Bharat Bandh
गुजरात के आदिवासी और दलित बहुल इलाकों में दिखा भारत बंद का असर
भारत बंद का असर देश के कई हिस्सों में दिखा. गुजरात के कई जगहों पर इसका खासा असर दिखा. बंद के दौरान गुजरात में प्रदर्शनकारियों ने एक मालगाड़ी और सड़कें अवरुद्ध कर दीं. गुजरात के छोटा उदयपुर, नर्मदा, सुरेंद्रनगर, साबरकांठा और अरावली जैसे जिलों के आदिवासी और दलित समुदाय बहुल इलाकों में बंद का असर काफी दिखा. यहां बाजार बंद रहे. सुरेंद्रनगर जिले के वाधवन तालुका में प्रदर्शनकारियों ने मालगाड़ी रोक दी और नारेबाजी की. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची. भिलोदा और शामलाजी के मुख्य बाजारों में दुकानें बंद रहीं.
विपक्ष भ्रम पैदा कर रहा है- केंद्रीयमंत्री
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कहते हैं, “कैबिनेट बैठक के बाद केंद्र ने स्पष्ट किया कि एससी और एसटी में कोई क्रीमी लेयर नहीं होगी. हालांकि, विपक्ष न्यायपालिका प्रणाली और पीएम मोदी के बारे में भ्रम और अफवाहें पैदा करना चाहता है.”
चंद्रशेखर ने की लाठीचार्ज की निंदा
भारत बंद के दौरान कुछ जगहों अशांति फैलने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया. वहीं इस मामले पर नगीना के सांसद चंद्रशेखर ने कहा, “सरकार हमारे शांतिपूर्वक संवैधानिक आंदोलन को रोक नही पा रही है तो अब हमारे बहुजन समाज को लाठी से पीट कर आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है. मैं इस लाठीचार्ज की घोर निन्दा करता हूं. ना हम, ना हमारा समाज, सरकार की इस लाठी को भूलेगा नही, समय आने पर सूद समेत वोट की चोट से जवाब देगा.
कानून तोड़ने के कारण करना पड़ा लाठीचार्ज
पटना के डिप्टी एसपी अशोक कुमार सिंह कहते हैं, “यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नहीं था, उन्होंने कानून-व्यवस्था अपने हाथ में ले ली. आम लोग यात्रा नहीं कर सकते थे और हमने उन्हें (आंदोलनकारियों) समझाने की कोशिश की। लेकिन वे नहीं माने समझे। हमें उन्हें पीछे हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.”
पटना में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के खिलाफ एक दिवसीय भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने पटना में लाठीचार्ज किया.
जयंत चौधरी बोलें – कानून मंत्री ने संसद में किया था स्पष्ट
एससी/एसटी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में आज देशव्यापी भारत बंद को लेकर केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह चौधरी का कहना है, ”सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की थी, जिसके बाद कानून मंत्री ने भी संसद में इसे स्पष्ट किया. कैबिनेट ने भी स्पष्ट किया है इसकी राय है, तो अब कुछ भी नहीं बचा है.