बेंगलुरु में कर्ज और ब्याज को लेकर एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट, अपहरण और बंधक बनाने का मामला सामने आया है. महिला का आरोप है कि उससे 11 लाख रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया गया.
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
50 हजार के कर्ज से शुरू हुआ मामला
- न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार मामला बेंगलुरु के चंद्रा लेआउट थाना क्षेत्र का है. शिकायतकर्ता महिला घरेलू काम करती है. दर्ज FIR के मुताबिक उसने नजथ बेगम से 50 हजार रुपये उधार लिए थे. जिसे वो हर हफ्ते 5 हजार रुपये की किस्त में चुकाने वाली थी. आर्थिक परेशानी के कारण वह कुछ हफ्तों से किस्त नहीं दे पा रही थी.
- पीड़ित महिला ने एक और महिला (रेशमा बानू) से करीब दो साल पहले 1 लाख रुपये उधार लिए थे. इस रकम पर वह हर महीने ब्याज दे रही थी. लेकिन करीब छह महीने से इसका ब्याज भी नहीं दे रही थी.
- ब्याज नहीं चुका पाने के के कारण कथित तौर पर उस पर लगातार भुगतान का दबाव बनाया जा रहा था.पीड़ित महिला का कहना है कि उसने रेशमा के फोन नंबर ब्लॉक कर दिए और डर के कारण कुछ समय तक अपने घर से दूर रही.
नौकरी का झांसा देकर महिला को बुलाया
- शिकायत के मुताबिक 27 अगस्त को नजथ ने महिला को फोन कर काम दिलाने और पैसे देने की बात कही.
- महिला अपने छोटे बेटे के साथ शाम करीब साढ़े पांच बजे उसके घर पहुंची. आरोप है कि इसी दौरान रेशमा, उसका पति सुहैल और कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और दरवाजा बंद कर दिया.
- महिला का आरोप है कि सुहैल ने उससे 11 लाख रुपये की मांग की. उसने दावा किया कि कर्ज और ब्याज मिलाकर रकम इतनी हो चुकी थी. विरोध करने पर उसके हाथ पर चाकू से वार किया गया और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया.
- इसके बाद महिला और उसके बेटे को कथित तौर पर एक ऑटो में बैठाकर कुंबलगोडु इलाके के एक घर में ले जाया गया.
ये भी पढ़ें: घर बैठे 10 लाख रुपये का हेल्थ कार्ड दे रही सरकार, लाभ लेने के लिए करना होगा ये काम
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
- महिला ने पुलिस को बताया कि कुंबलगोडु के घर में उसके साथ मारपीट की गई और उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया. शिकायत में यह भी आरोप है कि उसे वेश्यावृत्ति करने के लिए मजबूर करने की धमकी दी गई.
- सबसे गंभीर आरोप 29 अगस्त की घटना को लेकर है. महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसे कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड किया. इसके बाद धमकी दी गई कि अगर कर्ज की रकम नहीं चुकाई तो वीडियो को वायरल कर दिया जाएगा.
- पुलिस के मुताबिक महिला को बाद में एक वकील के पास भी ले जाया गया, जहां उससे कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करवाने का आरोप है.
शिकायत के बाद मामले की जांच कर रही पुलिस
- महिला ने बताया कि उसे जब शौचालय जाने के लिए कमरे से बाहर निकलने का मौका मिला, तब उसने किसी तरह अपने परिवार तक घटना की जानकारी पहुंचाई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को वहां से बाहर निकाला।
- चंद्रा लेआउट पुलिस ने शिकायत के आधार पर नज़थ बेगम, रेशमा बानू और सुहैल को गिरफ्तार किया है. एक अन्य आरोपी सैफ के फरार होने की बात सामने आई है.
- पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और उनमें मौजूद डाटा की जांच के लिए उन्हें फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: हर दिन 6,766 लीटर इंसानी पेशाब से पिघल रहा ग्लेशियर! नेपाल में बाढ़ से क्या है इसका कनेक्शन?
