बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के को-चेयरमैन वाईआर सदाशिव रेड्डी ने चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा का इस्तीफा मांगा है. उन्होंने कहा है कि बार काउंसिल बेहतर का हकदार है. यह जानकारी लाइव लॉ की रिपोर्ट से सामने आई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि सदाशिव रेड्डी ने चेयरमैन मनन मिश्रा के इस्तीफे की मांग के पीछे ₹150 करोड़ के फंड के कथित हेरफेर, परिवार में नियुक्तियां और NALSAR के छात्रों के खिलाफ गैरकानूनी कार्रवाई को कारण बताया है.
सदाशिव रेड्डी, चेयरमैन मनन मिश्रा के साथ पिछले एक दशक से काम कर रहे हैं और उन्होंने मनन मिश्रा पर कई गंभीर आरोप लगाएं हैं.
रेड्डी ने मनन मिश्रा को लिखा पत्र
बीसीआई के को चेयरमैन सदाशिव रेड्डी ने चेयरमैन मनन मिश्रा को छह पन्नों का एक पत्र लिखकर उनसे इस्तीफा मांगा है. उन्होंने मनन मिश्रा को लिखा है कि बार काउंसिल का स्तर बनाये रखने के लिए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. इस्तीफे के लिए उन्होंने मनन मिश्रा को 15 दिन का समय भी दिया है.
रिश्तेदारों की नियुक्ति का लगाया आरोप
को चेयर सदाशिव रेड्डी ने अपने पत्र में मनन मिश्रा पर यह आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने 14 साल के कार्यकाल में बार काउंसिल को एक तरह से अपनी निजी संपत्ति बना लिया है . उन्होंने यह आरोप लगाया कि काउंसिल के कई महत्वपूर्ण पदों पर मनन मिश्रा के रिश्तेदारों और उनके पहचान वालों की नियुक्ति हुई है. इतना ही नहीं उन्होंने नये वकीलों के साथ बहुत ही बुरा व्यवहार किया है. NALSAR के छात्रों के खिलाफ उनकी कार्रवाई को भी रेड्डी ने गलत और गैरकानूनी बताया है.
ये भी पढ़ें : Sugar Price : त्योहारों से पहले महंगी न हो चीनी, सरकार ने बनाया खास प्लान
