सैटेलाइट डेटा में खुलासा: गंगा के मैदानों का धुआं हिमालय तक पहुंचा; बिहार-बंगाल सबसे बड़े हॉटस्पॉट

Air Pollution: 25 साल के सैटेलाइट डेटा से एक बड़ा खुलासा हुआ है. इंडो-गैंगेटिक प्लेन (IGP), पूर्वोत्तर और हिमालयी क्षेत्रों में पार्टिकुलेट मैटर (PM) प्रदूषण में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे बिहार और पश्चिम बंगाल सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं. हालांकि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) से शहरों में कुछ राहत मिली है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में पराली और बायोमास जलाने से खतरा लगातार बढ़ रहा है.

Air Pollution: विशेषज्ञों के अनुसार, अब NCAP 2.0 में ग्रामीण स्तर पर हस्तक्षेप की तत्काल जरूरत है. यह अध्ययन कोलकाता के बोस संस्थान के प्रो अभिजीत चटर्जी के निर्देशन में किया गया, जिसमें सौमेन रौल मुख्य शोध सहयोगी रहे. एटमॉस्फेरिक एनवायरनमेंट पत्रिका में प्रकाशित यह शोध तीन दशकों में प्रदूषण स्तर, उसके स्रोतों और हॉटस्पॉट्स में आए बदलावों का एक व्यापक दीर्घकालिक आकलन है. इसके लिए सैटेलाइट आधारित रिमोट सेंसिंग आंकड़ों का उपयोग किया गया है, जिसे जमीनी स्तर के अवलोकनों से भी सत्यापित किया गया है.

एक दशक में 20% से अधिक बढ़ा प्रदूषण

सैटेलाइट आधारित इस अध्ययन में इंडो-गैंगेटिक प्लेन, हिमालयी क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत के 25 वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. इसमें पाया गया कि साल 2000–2009 की तुलना में, 2010–2019 के दौरान कुल मिलाकर पीएम प्रदूषण में 20% से अधिक की वृद्धि हुई है. इस पूरी अवधि के दौरान इंडो-गैंगेटिक प्लेन के पूर्वी हिस्से में प्रदूषण का सबसे खतरनाक स्तर दर्ज किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे क्षेत्र में बिहार, दक्षिण पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के एक बड़े हिस्से में प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है. साल 2010 से 2019 के बीच इन क्षेत्रों में पीएम प्रदूषण में 10 से 40 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी देखी गई.

पूर्वोत्तर भारत प्रदूषण का असमान बोझ झेल रहा

विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत के संदर्भ में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. यहां पीएम प्रदूषण में शामिल ‘ऑर्गेनिक कार्बन’ (जैविक कार्बन) और ‘सल्फेट’ के घटकों में करीब 50 फीसदी का उछाल देखा गया है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदूषण के ये दोनों ही घातक तत्व सीधे तौर पर ‘बायोमास बर्निंग’ (यानी लकड़ी, पराली और जैविक कचरा जलाने) से जुड़े हुए हैं. बोस संस्थान, कोलकाता के प्रो अभिजीत चटर्जी कहते हैं, “पूर्वी इंडो-गैंगेटिक प्लेन और अब धीरे-धीरे पूर्वोत्तर भारत भी प्रदूषण का असमान बोझ झेल रहा है. इसके पीछे लगभग पूरी तरह से बायोमास जलाना जिम्मेदार है. 25 साल के डेटा में यही संकेत सबसे साफ तौर पर उभरकर सामने आया है.”

पराली जलने से प्रदूषण बढ़ा, धूल में कमी

अध्ययन में पाया गया है कि क्षेत्र में पीएम प्रदूषण की संरचना में स्पष्ट बदलाव आया है1 फसल अवशेष, लकड़ी और अन्य जैविक पदार्थ (बायोमास) जलाने से उत्पन्न होने वाले कार्बनयुक्त एरोसोल पूर्वी भारत और गंगा के मैदानी इलाकों में तेजी से बढ़ते दिख रहे हैं. इसके विपरीत, पश्चिमी इंडो-गैंगेटिक प्लेन में चरम पर रहने वाला धूल प्रदूषण पूरे अध्ययन काल में घटता हुआ पाया गया है. पूर्वोत्तर भारत में पीएम में तेज वृद्धि का मुख्य कारण झूम खेती की तीव्रता और ग्रामीण घरों में घरेलू ऊर्जा के लिए बायोमास का व्यापक उपयोग है. नतीजतन, पिछले दो दशकों में पूर्वोत्तर भारत का अधिकांश हिस्सा एरोसोल के मामले में प्रदूषित से अत्यधिक प्रदूषित श्रेणी में पहुंच गया है.

अध्ययन में प्रदूषण हॉटस्पॉट्स में जो बदलाव आए

2000–2009 का दौर: उच्च कार्बन प्रदूषण मुख्य रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तरी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा और बांग्लादेश में केंद्रित था.

2020–2024 का दौर: हॉटस्पॉट्स का विस्तार होकर यह पूरे पश्चिम बंगाल, बिहार, बांग्लादेश और असम, मेघालय व त्रिपुरा के अधिकांश हिस्सों को कवर करने लगा है. यहां अब प्रदूषण का मुख्य कारण औद्योगिक या वाहन स्रोत नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बायोमास जलाना और शहरी ठोस कचरे का दहन है.

उत्तर प्रदेश एक अपवाद: इस पूरे अध्ययन में उत्तर प्रदेश एक उल्लेखनीय अपवाद रहा, जहां हाल के वर्षों में कार्बन प्रदूषण में गिरावट दर्ज की गई है.

मैदानों का प्रदूषण अब पहाड़ों तक सक्रिय (ट्रैजेक्ट्री मॉडलिंग)

अध्ययन में प्रदूषण के स्रोत क्षेत्रों से हिमालयी पर्वतमाला तक पहुंचने वाले धुएं के गुच्छों की गति का पता लगाने के लिए ‘ट्रैजेक्ट्री मॉडलिंग’ का उपयोग किया गया. इससे साफ हुआ कि इंडो-गैंगेटिक प्लेन से निकलने वाले उत्सर्जन अब सीधे हिमालय में एरोसोल (धूल, कालिख और रासायनिक कणों का वायुमंडल में निलंबन) लोडिंग को प्रभावित कर रहे हैं.

पश्चिमी और मध्य हिमालय: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश (ऊपरी और मध्य IGP) से फैलने वाला प्रदूषण यहां तक पहुंच रहा है.

पूर्वी हिमालय: बिहार और पश्चिम बंगाल (निचला IGP) से निकलने वाला उत्सर्जन पूर्वी हिमालय को प्रभावित कर रहा है.

इसके अलावा, हिमालयी क्षेत्रों के भीतर भी प्रदूषण का मजबूत परिवहन देखा गया है. पूर्वी हिमालयी क्षेत्र, पश्चिमी और मध्य (नेपाल) हिमालय से आने वाले प्रदूषण से बड़े पैमाने पर प्रभावित होते हैं, जबकि मध्य और पूर्वी हिमालय से निकलने वाले उत्सर्जन पूर्वोत्तर भारत को प्रभावित करते हैं. यही कारण है कि इंडो-गैंगेटिक प्लेन और पूर्वोत्तर भारत से सटे मध्य और पूर्वी हिमालयी क्षेत्र अन्य हिस्सों की तुलना में अधिक प्रदूषित पाए गए.

पंजाब-बिहार पर्यावरण और जलवायु के लिहाज से बेहद संवेदनशील

बोस संस्थान, कोलकाता के शोधकर्ता सौमेन रौल का कहना है- हिमालयी क्षेत्र इंडो-गैंगेटिक प्लेन में होने वाले प्रदूषण से सुरक्षित नहीं हैं. हमारे ट्रैजेक्ट्री विश्लेषण (वायु प्रवाह के रास्तों के अध्ययन) से साफ पता चलता है कि पंजाब या बिहार से निकलने वाला धुआं सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं रहता, यह बहकर सीधे पहाड़ों तक पहुंच जाता है. ये पर्यावरण और जलवायु के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र हैं, लेकिन फिलहाल ये भारत में प्रदूषण नियंत्रण या स्वच्छ हवा के लिए चलाई जा रही किसी भी व्यवस्थित योजना के दायरे से बाहर हैं.

NCAP का असर: शहरों में सुधार, पर चुनौतियां बरकरार

अध्ययन ने भारत के राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत किए गए हस्तक्षेपों की प्रभावशीलता का भी आकलन किया। बिहार, पश्चिम बंगाल और असम सहित कई राज्यों में NCAP लागू होने के बाद समग्र पीएम स्तरों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किए गए हैं. हालांकि, बायोमास जलाने से होने वाला प्रदूषण इनमें से किसी भी राज्य में महत्वपूर्ण रूप से नहीं घटा है और ये क्षेत्र अब भी कार्बन युक्त एरोसोल के हॉटस्पॉट बने हुए हैं। थर्मल पावर प्लांटों, ग्रामीण बायोमास दहन और शहरी ठोस कचरा जलाने से होने वाले निरंतर उत्सर्जन ने इस कार्यक्रम की सफलता को सीमित कर दिया है.

असम का मामला विशेष रूप से चिंता का विषय

असम का मामला विशेष रूप से चिंता का विषय है. NCAP लागू होने के बाद भी राज्य में सल्फेट उत्सर्जन 30% से अधिक बढ़ गया. इसकी वजह बोंगाईगांव, गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, डिगबोई, नुमालीगढ़ और बोकाजन जैसे औद्योगिक केंद्रों में स्थित थर्मल पावर प्लांट, तेल रिफाइनरी और सीमेंट उद्योग हैं. इसके विपरीत, कोकराझार, धुबरी और बोंगाईगांव समेत असम के कई जिलों में धूल प्रदूषण घटकर अपेक्षाकृत सुरक्षित सीमा तक आ गया है.

ग्रामीण इलाकों में प्रदूषण की स्थिति भयावह

बोस संस्थान, कोलकाता के प्रो अभिजीत चटर्जी का कहना है- एनसीएपी वर्तमान में मुख्य रूप से शहरों पर केंद्रित है, जबकि ग्रामीण इलाकों में प्रदूषण उतना ही भयावह है. खाना पकाने, हीटिंग और खेती के लिए पराली व बायोमास जलाने पर कार्यक्रम में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता. सरकार को ग्रामीण पहलू को स्वच्छ वायु मिशन में अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए.”

अध्ययन की सिफारिश: ‘NCAP 2.0’ में शामिल हों ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्र

शोधकर्ताओं का कहना है कि आगामी ‘NCAP 2.0’ का दायरा केवल प्रदूषित शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण क्षेत्रों और पर्यावरणीय रूप से अति संवेदनशील इलाकों तक बढ़ाया जाना चाहिए. अध्ययन में कुछ क्षेत्रों को भारत के क्लीन एयर मिशन में शामिल करने की सिफारिश की गई है.

सुंदरबन मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र: यह क्षेत्र पहले से ही तटीय बाढ़, कटाव और आजीविका हानि जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है. ऐसे में बिगड़ती वायु गुणवत्ता को नजरअंदाज करना इस क्षेत्र के लिए और भी खतरनाक होगा.
पूर्वोत्तर भारत के जैवमंडल-समृद्ध क्षेत्र
जैव विविधता से भरपूर हिमालयी इलाके

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Arbindkumar mishra

अरबिंद कुमार मिश्रा मुख्यधारा की पत्रकारिता में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले एक वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में, वह प्रभात खबर डॉट कॉम (Prabhat Khabar) में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. अरबिंद नेशनल, इंटरनेशनल और स्पोर्ट्स कैटेगरी में अपनी लेखनी के लिए जाने जाते हैं. गहरी रिसर्च पर आधारित स्पेशल स्टोरीज, रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' लिखना उनकी मुख्य यूएसपी (USP) है.

झारखंड की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं में उनकी गहरी रुचि है. अपनी उत्कृष्ट और सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें संस्थान स्तर पर कई बार सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जा चुका है.

करियर का सफरनामा

अरबिंद ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत देश की प्रतिष्ठित बहुभाषी न्यूज एजेंसी 'हिंदुस्थान समाचार' से बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद उन्होंने प्रसार भारती के अंग दूरदर्शन और आकाशवाणी के साथ भी काम किया, जहां उन्होंने एंकरिंग, वॉइस-ओवर और रिपोर्टिंग के गुर सीखे. साल 2011 में वह 'प्रभात खबर डॉट कॉम' से जुड़े और तब से लगातार डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

प्रमुख उपलब्धियां और ग्राउंड रिपोर्टिंग

खेल पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग में अरबिंद का योगदान उल्लेखनीय रहा है. उनकी कुछ सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हैं:

34वें राष्ट्रीय खेल: झारखंड में आयोजित ऐतिहासिक 34वें नेशनल गेम्स की बेहतरीन और व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में आयोजित कई इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों को करीब से कवर किया.

पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप (2018): भुवनेश्वर में आयोजित वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले की शानदार स्पोर्ट्स रिपोर्टिंग.

पंचायतनामा: प्रभात खबर के इस खास विंग के लिए ग्रामीण इलाकों का दौरा कर कई प्रेरक 'सक्सेस स्टोरीज' लिखीं.

शैक्षणिक योग्यता (Education & Credentials)

UGC NET: साल 2019 में यूजीसी नेट (UGC NET) की परीक्षा उत्तीर्ण की.

बैचलर ऑफ जर्नलिज्म (BJMC): रांची विश्वविद्यालय से साल 2011 में पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की.

एम.ए. (नागपुरी भाषा): रांची विश्वविद्यालय के 'जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग' से साल 2009 में नागपुरी भाषा में स्नातकोत्तर (MA) की डिग्री हासिल की.

लेखन शैली और विशेषज्ञता: एक्सप्लेनर, रिसर्च बेस्ड स्टोरीज, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेशनल अफेयर्स और झारखंड की लोक-संस्कृति.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >