Video : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर रिएक्शन दिया. उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक दल प्रदर्शन करते हैं तो उन पर आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज क्यों नहीं किया जाता, लेकिन छात्रों के खिलाफ इनका इस्तेमाल क्यों होता है? दीपके ने दावा किया कि उन्होंने छात्र नेता देवेंद्र महतो से बात की है. महतो ने उन्हें बताया कि नौ दिनों से अनशन पर होने के बावजूद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया.
दीपके ने कहा कि देश की सभी सरकारों को सोचना चाहिए कि छात्रों पर कथित अत्याचार से उन्हें क्या हासिल हो रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ ऐसी बर्बरता नहीं होनी चाहिए. दीपके ने देवेंद्र महतो और आंदोलन कर रहे छात्रों को समर्थन देने का भरोसा दिया. उन्होंने बताया कि उनकी टीम झारखंड में छात्रों के साथ मिलकर काम कर रही है.
झारखंड में क्यों आंदोलन कर रहे हैं छात्र?
झारखंड में छात्र 25 जुलाई से जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में सुधार और कुछ परीक्षाओं को रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार, 10 अगस्त को बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा की ओर मार्च किया. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान स्थिति बिगड़ गई और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें कीं, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई. छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं.
