नयी दिल्ली : फिल्मों के शौकीन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उस वक्त असहज स्थिति का सामना करना पड़ा जब वे मल्टीप्लेक्स में अक्षय कुमार की फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ देखने पहुंचे. प्राप्त जानकारी के अनुसार केजरीवाल गाजियाबाद के वैशाली क्षेत्र में स्थित अंसल प्लाजा के मल्टीप्लेक्स में ताजा रिलीज हुई ‘एयरलिफ्ट’ फिल्म देखने पहुंचे तभी वहां मौजूद लोगों ने उन्हें देख मोदी-मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए. इस घटना के बाद केजरीवाल और उनके साथ मल्टीप्लेक्स पहुंचे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया असहज दिखे.
बताया जा रहा है कि जब दोनों मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने के लिए दाखिल हुए तो वहां मौजूद लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिए. एक बार तो केजरीवाल और मनीष सिसोदिया मोदी के नारे सुन आश्चर्य में पड़ गए लेकिन थोड़ी देर बाद दोनों सहज हो गए और मुस्कुराते हुए अंदर चले गए.
इस घटना पर दोनों नेताओं ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. मल्टीप्लेक्स में केजरीवाल के कई प्रशंसक भी मौजूद थे जो उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए. आपको बता दें कि आज केजरीवाल ने दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार को जमकर कोसा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संविधान के खिलाफ चल रही है. हमारे लोगों को बार-बार धमकाया जाता है. मैं डरने वाला नहीं हूं. केजरीवाल ने कहा कि, ‘मैंने अपने मंत्रियों को बोल दिया है कि तुमलोग दिल्ली के लोगों की सेवा करो. केंद्र सरकार से मैं निपटता हूं.
