नयी दिल्ली : सरकार चुनाव आयुक्त एच एस ब्रह्मा को वीएस संपत के स्थान पर अगला मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त (सीइसी) कर सकती है. वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त वी एस संपत कल अपने पद से सेवानिवृत हो रहे हैं.
इस बारे में कानून मंत्रालय द्वारा सरकार को की गई सिफारिश के मुताबिक यदि ब्रह्मा की पदोन्नति की जाती है तो यह सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त को सीइसी नियुक्त करने की परंपरा की तर्ज पर होगा.
प्रधानमंत्री की मंजूरी मिल जाने पर इस सिलसिले में प्रस्ताव राष्ट्रपति के पास जाता है जो सीइसी को नियुक्त करते हैं. जैसा कि संविधान में प्रावधान है. आंध्र प्रदेश कैडर के 1975 बैच के आइएएस अधिकारी 64 साल के ब्रह्मा असम के रहने वाले हैं. उनका कार्यकाल 19 अप्रैल तक यानी तीन महीने से कुछ अधिक समय का होगा जब वह 65 वर्ष के हो जाएंगे. इस पद के लिए अधिकतम उम्र सीमा संविधान के तहत 65 साल है.
चुनाव आयोग के सदस्य बनाए जाने से पहले वह केंद्र में ऊर्जा सचिव थे. उन्होंने 25 अगस्त 2010 को तीन चुनाव आयुक्तों में से एक के तौर पर पदभार संभाला था. जे एम लिंगदोह के बाद सीइसी के पद पर पूर्वोत्तर से नियुक्त होने वाले ब्रह्मा दूसरे अधिकारी होंगे.
