हैदराबाद : हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार किये गये चारों आरोपी को पुलिस ने मार गिराया है. इन्हें पुलिस जांच के लिए घटनास्थल पर ले गयी थी, जहां से आरोपी भागना चाहते थे जिसके बाद पुलिस को यह कदम उठाना पड़ा. मुठभेड़ को लेकर साइबराबाद पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनर ने कहा है कि चारों आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गये हैं. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गये.
आपको बता दें कि मुठभेड़ की खबर शुक्रवार सुबह आयी. सुबह लोगों ने जैसे ही अपनी आंख खोली, उन्हें पहली खबर आरोपियों के मुठभेड़ में ढेर होने की ही मिली. आरोपियों का मुठभेड़ उसी जगह पर हुआ, जहां उन्होंने हैवानियत को अंजाम दिया था. पुलिस की मानें तो वह आरोपियों को सीन के रीकंस्ट्रक्शन के लिए ले गयी थी ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ने का काम किया जा सके.
मुठभेड़ की खबर पूरे देश में आग की तरह फैली और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे. यहां लोग पुलिस पर फूल बरसाते भी नजर आये. यहां कुछ महिलाएं भी पहुंचीं जो पुलिस को मिठाई खिलाते दिखीं. लोग में जोश इतना था कि वे पटाखे जलाने लगे. लोग तेलंगाना पुलिस जिंदाबाद के नारे भी लगाने लगे. घटनास्थल पर स्थिति यह हो गयी कि पुलिस को लोगों को संभालने के लिए बड़ी संख्या में फोर्स बुलानी पड़ी.
