-महाराष्ट्रमें 288 सीटकेरुझान
BJP+ -160
CON+- 98
OTH- 31
-हरियाणा में 90 सीटके रुझान
BJP- 40सीट
CON -31 सीट
JJP-10
OTH-09
7: 47 PM :मैं सबसे पहले दिवाली का आरंभ होने से पूर्व ही महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता ने भाजपा और हमारे साथियों के प्रति जो विश्वास जताया है, जो आशीर्वाद दिए हैं इसके लिए मैं उनका अंत:करण से अभिनंदन करता हूं, उनका साधुवाद करता हूं.
भाजपा महाराष्ट्र इकाई और भाजपा हरियाणा इकाई के सभी पदाधिकारी, सभी कार्यकर्ता, उन्होंने भी जनता का विश्वास जीतने में अथाह प्रयास किया, लोगों के आशीर्वाद प्राप्त किए, उनका भी बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं.
पीएम मोदी ने कहा, महाराष्ट्र में हमें गत चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिला था, हरियाणा में सिर्फ 2 सीटों का बहुमत था, इसके बावजूद भी दोनों मुख्यमंत्रियों ने सबको साथ लेकर दोनों राज्यों की जो सेवा की और अविरत कार्य करते रहे, ये उसी का परिणाम है कि उनपर जनता ने दोबारा अपना विश्वास जताया है.
हरियाणा अपने आप में एक अभूतपूर्व विजय है क्योंकि इन दिनों एक सरकार 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करके दोबारा जीतने की घटनाएं बहुत कम होती है और ऐसे वातावरण में दोबारा सबसे बड़े दल के रूप में विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त करके आना बहुत बड़ी बात है.
महाराष्ट्र में गत 50 वर्ष में एक भी मुख्यमंत्री लगातार पूरे 5 वर्ष तक सेवा नहीं कर पाया. 5 वर्ष तक मुख्यमंत्री के रूप में लगातार कार्य करने का काम 50 वर्ष बाद देवेंद्र जी ने किया.
जो लोग हरियाणा की राजनीति जानते हैं उनको पता है कि किसी भी दल के साथ हमें समझौता अगर करना होता था तो ज्यादातर उन दलों की टर्म एंड कंडीशन पर कभी 5 तो कभी 10 सीटों पर और वो भी जो वो कहें उन सीटों पर लड़ना पड़ता था.
2014 के पहले तक ये हमारी स्थिति थी, वैसी स्थिति में से जिस प्रकार से हमारी नयी टीम को पांच साल वो भी सिर्फ दो का बहुमत था. इन सबके बावजूद पांच वर्ष काम करके फिर से आना हरियाणा के भाजपा को जितनी बधाई दें उतनी कम है.
7: 34 PM :भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, नरेंद्र मोद, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बहुत-बहुत धन्यवाद दिया. हरियाणा और महाराष्ट्र की जनता को बधाई और धन्यवाद करना चाहता हूं. महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहा है.
हरियाणा में भी भाजपा एक बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. शाह ने कहा, मोदी -2 में दोनों राज्यों में भाजपा को शानदार जीत मिली है. दोनों राज्यों की जनता ने हमारे मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार को समर्थन दिया है. पांच महीने के अंदर पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने तेजी के साथ काम किया है.
7: 25 PM :महाराष्ट्र और हरियाणा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं से मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे हैं. मुख्यालय पहुंचने पर मोदी-शाह काकार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. इस दौरान पीएम मोदी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और भारत माता की जय का नारा लगाया.
6: 45 PM :दो राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है. पीएम ने ट्वीट कर हरियाणा की जनता को धन्यवाद कहा, वहीं महाराष्ट्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके काम के लिए सलाम किया.
पीएम ने अपने पहले ट्वीट में लिखा, मुझे आशीर्वाद देने के लिए मैं हरियाणा के लोगों का धन्यवाद करता हूं. हम राज्य की प्रगति के लिए समान उत्साह और समर्पण के साथ काम करना जारी रखेंगे. मैं कड़ी मेहनत का हमेशा से सराहना करता हूं.
दूसरे ट्वीट में पीएम ने लिखा, महाराष्ट्र के लोगों ने एनडीए को अपार स्नेह दिया है. महाराष्ट्र की प्रगति की दिशा में हमारा काम जारी है, मैं बीजेपी, शिवसेना और हमारे पूरे एनडीए परिवार के हर कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिए सलाम करता हूं.
6: 09 PM :हरियाणा में 40 सीटों के करीब में फंसी भाजपा अब वहां जोड़-तोड़ कर सरकार बनाने की कोशिश में लग गयी है. सीएम मनोहर लाल खट्टर ने साफ कर दिया है कि वो राज्यपाल सत्यदेव आर्य से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे.
5: 45 PM :हुड्डा ने गढ़ी सांपला-किलोई से भाजपा प्रतिद्वंद्वी को भारी मतों के अंतर से हराया : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सत्तारुढ़ भाजपा के उम्मीदवार सतीश नांदल को बृहस्पतिवार को भारी मतों के अंतर से पराजित किया. पार्टी के राज्य विधायक दल के नेता हुड्डा ने नांदल को अपने गढ़ रोहतक जिले की गढ़ी सांपला-किलोई सीट से 58,312 मतों के अंतर से हराया.
4: 54 PM :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये कार्याकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा, आप कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मेरा उत्साह बढ़ जाता है. त्यौहार के समय लोग अपने बड़ों से आशीर्वाद लेने के लिए छुट्टियों में अपने घर जाते हैं. मेरा क्या है, मैं तो छुट्टी ले नहीं सकता, इसलिए मैं आप लोगों से मिलने का मौका तलाशते रहता हूं. पीएम मोदी ने इस दौरान देश के जवानों को याद किया और कहा, अपनी खुशियां मनाते समय उन सभी को याद करना चाहिए, जो हमारी सुरक्षा में दिन-रात लगे रहते हैं.
4: 50 PM :प्रेस कॉन्फ्रेंस में फडणवीस ज्यादा कुछ नहीं बोले और कहा, मैं पीएम मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे का विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करता हूं.उन्होंने आगे कहा, महायुती में विश्वास जताने के लिए जनता का आभार, आशा करता हूं कि उम्मीदों पर खड़ा उतरूंगा.इधर फडणवीस ने साफ कर दिया है कि महाराष्ट्र में अगली सरकार भाजपा-शिवसेना महागठबंधन की बनने वाली है.
4: 40 PM :महाराष्ट्र के नतीजे सामने के साथ ही शिवसेना ने भाजपा पर मुख्यमंत्री पद को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है. शिवसेना भवन में उद्धव ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मैं किसी भी दबाव में झुका नहीं हूं. जनादेश सबकी आखें खोलनी वाली है. महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा, यह अहम होगा. सीएम पर 50-50 के फॉर्मूले पर शिवसेना नहीं झुकेगी. मृह मंत्री अमित शाह से मुख्यमंत्री के फॉर्मूले पर चर्चा होगी. फॉर्मूला तय होने के बाद ही दावा पेश करेंगे. उद्धव ने कहा, जनता का आर्शीवाद दोबारा मिला है. अगले 5 साल इमानदारी के साथ काम करुंगा. उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस से बातचीत पर कहा, हमदोनों ने एक-दूसरे को बधाई दी. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में पूछा, इसके अलावा कोई बात नहीं हुई. प्रेस कॉन्फ्रेंस में आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे.
4: 20 PM :हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल सीट से 41,950 वोटों से आगे चल रहे हैं.
4: 18 PM :शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने वर्ली विधानसभा सीट पर राकांपा के नेता सुरेश माने को 70,000 से अधिक मतों से हराया.
4:03 PM : महाराष्ट्र-हरियाणा नतीजों से खुश कांग्रेस. महा सचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, हरियाणा और महाराष्ट्र में संगठन मजबूत हुआ है.
3:57 PM :दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह.चुनावी नतीजों पर चर्चा करेंगे पीएम मोदी और अमित शाह
02: 45 PM : महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव नतीजों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि आज देशभर में निराशा की लहर दौड़ रही है…मंदी का दौर है…भाजपा ने कभी बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर कुछ नहीं कहा. आज जनता ये बात समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को अहसास हो गया है कि लोकसभा में भाजपा को वोट देकर उन्होंने गलती की है. भाजपा ने धर्म के आधार पर राजनीति की है. हम धर्मप्रेमी हैं.
02: 40 PM :एक निजी न्यूज चैनल से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री और आरपीआई प्रमुख रामदास आठवले ने कहा है कि महाराष्ट्र में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे यदि उपमुख्यमंत्री बनते हैं तो हमें कोई दिक्कत नहीं है. लेकिन अगर सरकार ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले पर चलायी गयी तो हम इसका विरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर लोगों में नाराजगी थी. इसका असर चुनाव में प़ड़ा है.
02: 30 PM: महाराष्ट्र: परली सीट से पंकजा मुंडे चुनाव हार गयीं हैं. यहां से एनसीपी के धनंजय मुंडे ने उन्हें मात दी है.
02: 20 PM :कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने जेजेपी सहित विपक्षी दलों और निर्दलीय विधायकों को गठबंधन सरकार बनाने का न्योता दिया है.
02: 15 PM : हरियाणा चुनाव : चुनाव आयोग के अनुसार, जेजेपी ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि 8 पर आगे है. वहीं, भाजपा 37 और कांग्रेस 35 सीटों पर आगे चल रही है.
01: 55 PM :कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला कैथल से हार गये हैं. भाजपा के लालीराम ने उन्हें 567 वोटों से हरा दिया है.
01: 50 PM : हरियाणा में बीएसपी भी एक सीट पर आगे चल रही है. इधर , समलखा से कांग्रेस के धरम सिंह छोकर अपने भाजपा प्रतिद्वंदी से काफी आगे निकल गये हैं.
01: 45 PM :महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों को लेकर एनसीपी नेता शरद पवार ने कहा कि सभी लोगों ने हमारा साथ दिया है. हम जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं.
01:30 PM : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि कांग्रेस के साथ आने वालों को पूरा सम्मान दिया जाएगा. हम सभी दलों का मान सम्मान करेंगे. हरियाणा ने आज भाजपा के खिलाफ जनादेश दिया है. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में अपनी सरकार बनाएंगे. भाजपा का 75 सीटों का दावा फुस्स हो गया है. उन्होंने कहा कि निर्दलीय उम्मीदवारों पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह कांग्रेस के साथ न जाएं.
01: 15 PM :हरियाणा: बरोदा सीट से योगेश्वर दत्त बड़े मार्जिन से हार गये हैं. यहां से कांग्रेस के श्रीकष्ण हुड्डा ने जीत दर्ज की है. फिलहाल हरियाणा में खट्टर सरकार के 8 मंत्री अपनी सीटों से पीछे चल रहे हैं.
01: 10 PM : सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला ने इस्तीफा देने की पेशकश की है. वहीं, खबरों की मानें तो हरियाणा में दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने कांग्रेस के साथ जाने के संकेत दिये हैं. इसके साथ ही हरियाणा में रोमांच बढ़ गया है. खबर लिखे जाने तक भाजपा और कांग्रेस 35-35 सीटों से बराबरी पर आ चुके हैं.
12: 58 PM :हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपने विपक्षी से 25 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं. वहीं खट्टर सरकार में मंत्री कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद से पिछड़ते नजर आ रहे हैं. यहां से जेजेपी के राम कुमार गौतम आगे हैं.
12: 45 PM : जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि अभी मुख्यमंत्री पद के लिए उन्होंने किसी से बात नहीं की. फाइनल नंबर सामने आने के बाद वे इस संबंध में बात करेंगे.
12: 30 PM :शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि सीएम शिवसेना को हो तो बेहतर होगा. उन्होंने कहा कि मैं उद्धव जी से मिलने जा रहा हूं. नंबर इतने बुरे भी नहीं हैं. ऐसा होता है कभी-कभी…हमारा गंठबंधन आगे भी बरकरार रहेगा.
12: 20 PM: सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा में कांग्रेस की स्थिति को देखते हुए पूर्व सीएम भुपेंद्र सिंह हुड्डा दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं.
11: 30 AM :महाराष्ट्र के परली सीट से पंकजा मुंडे 21,000 वोटों के बड़े अंतर से पिछड़ चुकीं हैं. एनसीपी के धनंजय मुंडे यहां से आगे चल रहे हैं. इधर, हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा के अहमद पटेल से मुलाकात की बात सामने आयी है. वहीं सूत्रों के अनुसार भूपेंदर हुड्डा ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात की है. सोनिया ने किसी से भी बात करने के लिए छूट दे दी है.
11: 02 AM :कांग्रेस उम्मीदवार एवं पूर्व बीसीसीबाई प्रमुख रणबीर सिंह महेंद्र हरियाणा के बाढड़ा निर्वाचन क्षेत्र में पीछे चल रहे हैं जबकि पूर्व हॉकी कप्तान एवं भाजपा उम्मीदवार कप्तान संदीप सिंह पेहोवा निर्वाचन क्षेत्र से पीछे आगे चल रहे हैं. बाढड़ा में नैना चौटाला (जननायक जनता पार्टी) भाजपा के सुखविन्द्र से 6677 मतों से आगे चल रही हैं जबकि महेंद्र तीसरे नंबर पर हैं. पेहोवा में संदीप सिंह कांग्रेस के मनदीप सिंह चट्ठा से 878 मतों से आगे चल रहे है. पानीपत शहर में भाजपा के प्रमोद कुमार विज कांग्रेस के संजय अग्रवाल से 10840 मतों से आगे हैं. पुनहाना में कांग्रेस के मोहम्मद इलियास निर्दलीय उम्मीदवार रहीश खान से 4154 मतों से आगे हैं. हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना हो रही है.
10: 50 AM : हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर सुबह से ही चल रही है. शुरुआती रुझान से ही कांग्रेस नेता भूपेंदर सिंह हुड्डा उत्साहित हैं. इधर जेजेपी के दुष्यंत चौटाला खुद को किंग मेकर बनाने की राह पर हैं. हरियाणा भाजपा के प्रभारी अनिल जैन ने कहा है कि जेजेपी के नेता दुष्यंत चौटाला को आगे भी राजनीति करनी है. वह काफी समझदार शख्स हैं. आगे उन्होंने कहा कि हरियाणा में हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे. आपको बता दें कि हरियाणा के रुझानों के अनुसार भाजपा बहुमत से पीछे चल रही है. चुनाव आयोग के अनुसार भाजपा-40, कांग्रेस-25 और जेजेपी-11 सीटों पर आगे है. यहां इनोलो 2 सीट पर आगे चल रही है. ऐसे में जेजेपी किंगमेकर की भूमिका निभा सकती है.
10: 35 AM :नागपुर की साउथ वेस्ट सीट से सीएम देवेंद्र फडणवीस आगे चल रहे हैं. वहीं परली सीट से पंकजा मुंडे अभी भी पीछे चल रहीं हैं. नालासोपारा सीट से बहुजन विकास अघाड़ी के क्षितिज ठाकुर आगे चल रहे हैं. सोलापुर सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार परिणीति शिंदे आगे चल रही हैं. करजात-जमखेद सीट से कांग्रेस के रोहित पवार बढ़त बनाए हुए हैं. भाजपा के प्रफेसर रामशकर शिंदे यहां से पीछे चल रहे हैं.
10: 25 AM: टीवी रिपोर्ट के अनुसा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर दोपहर 2 बजे दिल्ली पहुंच सकते हैं. वे करनाल से आगे चल रहे हैं.
10: 10 AM :महाराष्ट्र: कांकवली सीट से भाजपा उम्मीदवार नीतेश राणे बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं नंदुरबार सीट से भाजपा के विजय कुमार गवित आगे चल रहे हैं. दूसरे नंबर पर कांग्रेस के उदयसिंह पडवी हैं.
09: 50 AM : रुझानों के बीच कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्य में कांग्रेस को बहुमत मिलने जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि सूबे में कांग्रेस अकेले सरकार बनाएगी. हालांकि रुझानों में कांग्रेस 32 सीटें जीतती दिख रही है. बीजेपी को 38 और जेजेपी को 8 सीटों पर बढ़त हासिल है. अन्य 5 सीटों पर आगे चल रहे हैं.
09: 45 AM : हरियाणा में 90 में से 78 सीटों के रुझान आ चुके हैं. इन शुरुआती रुझानों में बीजेपी 36, कांग्रेस 33, जेजेपी 6 और अन्य तीन सीट पर आगे चल रहे हैं. हरियाणा में के रुझानों में जेजेपी का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और बीजेपी-कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है.
09: 30 AM : शिवसेना के आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र के वर्ली विधानसभा सीट से आसान जीत की ओर बढ़ रहे हैं. वह चुनावी मैदान में पहली बार उतरे हैं. ठाकरे (29) के सामने राकांपा के सुरेश माने हैं. लेकिन ठाकरे ने शुरुआती रूझान में 7,000 से अधिक मतों से बढ़त बना रखी है. पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पंवार ने बारामती सीट पर भाजपा के प्रतिद्वंद्वी गोपीचंद पढालकर पर 6,595 मतों से बढ़त बना रखी है. विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे अपनी प्रतिद्वंद्वी और भाजपा नेता पंकजा मुंडे से 1,654 मतों से आगे चल रहे हैं. राधाकृष्ण विखे पाटिल शिर्डी विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुरेश थोराट से 4,844 मतों से आगे चल रहे हैं. राकांपा प्रमुख शरद पंवार के संबंधी रोहित पंवार करजात-जामखेड़ सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राज्य मंत्री राम शिंदे से 3,099 मतों से आगे चल रहे हैं.
08: 50 AM :शुरूआती रुझान: महाराष्ट्र में भाजपा गंठबंधन 162 जबकि कांग्रेस गंठबंधन 67 पर आगे चल रही है. वहीं अन्य 18 सीट पर आगे हैं. हरियाणा में भाजपा 41 जबकि कांग्रेसी 29 पर आगे चल रही है. यहां जेजेपी 8 पर जबकि 4 अन्य पर आगे चल रहे हैं.
08: 37 AM:महाराष्ट्र:परली सीट से पंकजा मुंडे 1700 वोटों से पीछे चल रहीं हैं. यहां से एनसीपी के धनंजय मुंडे बढ़त बनाए हुए हैं. आपको बता दें कि पंकजा भाजपा के दिग्गज नेता रहे गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं.
08: 35 AM:हरियाणा: दादरी से रेसलर बबीता फोगाट आगे चल रही हैं.
08: 32 AM : महाराष्ट्र: शिवसेना के आदित्य ठाकरे वरली सीट से आगे चल रहे हैं. बारामती सीट से एनसीपी कैंडिडेट अजीत पवार आगे चल रहे हैं.वहीं नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आगे चल रहे हैं.
08:30 AM : हरियाणा: नारनौंद सीट से भाजपा प्रत्याशी कैंप्टन अभिमन्यु आगे चल रहे हैं.
08:29 AM : हरियाणा: दहीसर से भाजपा की मनीषा चौधरी आगे चल रह हैं जबकि पंचकूला से भाजपा के ज्ञानचंद आगे चल रहे हैं. करनाल से मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जबकि कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला से आगे चल रहे हैं.
08:25 AM : #HaryanaAssemblyPolls: जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ना भाजपा,ना कांग्रेस 40 सीट पार कर पाएगी. सत्ता की चाबी जेजेपी के पास होगी.
08:10 AM : हरियाणा के रोहतक से भाजपा के मनीष ग्रोवर आगे चल रहे हैं.
08: 00 AM : पोस्टल बैलेट की गिनती जारी है.
मुंबई : हरियाणा व महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम गुरुवार को यानी आज जारी किये जायेंगे. दोनों राज्यों में वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू हो गयी है. शाम पांच बजे तक चुनाव आयोग नतीजों का एलान कर देगा. दोपहर 12 बजे तक तस्वीर साफ हो जायेगी. महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन वापसी करेगा या फिर कुछ बड़ा उलफेर होगा, कुछ ही देर में तस्वीर साफ हो जाएगी.
इधर , वोटों की गिनती से पहले महाराष्ट्र भाजपा का दफ्तर सज चुका है. पार्टी को जीत की दिवाली की उम्मीद है. दफ्तर में लड्डू तैयार है अब सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं को रिजल्ट के रुझान का इंतजार है. वहीं कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने केवल इतना कहा कि परिणाम के बाद ही कुछ बोलेंगे. परिणाम से पहले रेसलर और दादरी से भाजपा उम्मीदवार बबीता फोगाट ने कहा कि लोगों ने मुझे प्यार और समर्थन देने का काम किया है. यही मेरी ताकत है और मुझे आगे बढ़ाती रहेगी. मुझे लोगों में विश्वास है और लोग अपनी बेटी को आशीर्वाद देंगे.
महाराष्ट्र मतगणना
गौरतलब है कि एक्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना गठबंधन आसानी से सत्ता हासिल करते नजर आ रही है. सूत्रों के अनुसार मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मियों की तैनाती की गयी है. पुलिस ने मतगणना शांतिपूर्वक कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं. अधिकारियों ने बताया कि 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राज्य के 269 स्थानों पर मतगणना होगी. ज्ञात हो कि सोमवार को कुल 61.13 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि वर्ष 2014 में 63.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था .
