जयपुरः राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने मुगल शासक अकबर के बारे में विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अकबर औरतों के भेष में मीना बाजार जाता था और वहां गलत काम करता था. मदन लाल सैनी ने यह बयान जयपुर स्थित भाजपा कार्यालय में महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में दिया. अकबर महान या महाराणा प्रताप यह पूछे जाने पर सैनी ने कहा कि किसी व्यक्ति की महानता को उसके चरित्र से आंका जाना चाहिए.
उन्होंने अकबर को यौन उत्पीड़न का आरोपी बताया. अकबर के चरित्र पर सवाल उठाते हुए सैनी ने कहा कि उसने बीकानेर के राजा की पत्नी किरण कुमारी के साथ मीना बाजार में छेड़छाड़ की कोशिश की थी. सैनी ने दावा किया कि मीना बाजार अकबर की गंदी हरकतों के लिए बदनाम था. इसे अकबर राज में शुरू किया गया था. सैनी ने कहा कि जिन तरीकों से अकबर गंदी हरकतें करता था, वह इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं और किरण कुमारी ने इसे रोका था.
जब अकबर ने किरण कुमारी से छेड़छाड़ की कोशिश की तो उसने अकबर की छाती पर कटार से वार किया. सैनी ने आगे कहा कि इसके बाद अकबर ने यह कहकर जान की भीख मांगी कि भारत का बादशाह तुम्हारे कदमों में है. उस दिन के बाद से मीना बाजार को बंद कर दिया गया. राजस्थान भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ऐसी हरकत करने वाले शख्स की महाराणा प्रताप से तुलना करना इतिहास के साथ मजाक करना है और यह आने वाले इतिहास को प्रेरणा नहीं देगी.
