उज्जैन (मध्यप्रदेश) : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की और उसके बाद उज्जैन में रोड शो किया. इस लोकसभा चुनाव में प्रियंका पहली बार मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार करने आयीं हैं.
मध्य प्रदेश कांग्रेस समिति मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने बताया, प्रियंका दोपहर में उज्जैन के महाकालेशवर मंदिर के दर्शन करने गयीं और उन्होंने वहां बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की. वह मंदिर में एक घंटे से अधिक समय तक रहीं. उन्होंने कहा कि इस दौरान उनके साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी मौजूद थे और उन्होंने भी बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की.
शोभा ने बताया कि प्रियंका ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने के बाद उज्जैन के टावर चौराहा से पार्टी प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक बाबूलाल मालवीय के समर्थन में करीब डेढ़ किलोमीटर का रोड शो शुरू किया. उन्होंने कहा कि रोड शो खत्म होने के बाद वह रतलाम के लिए रवाना हो गयीं जहां वह पार्टी प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के लिए जनसभा को संबोधित करेंगी. शोभा ने बताया कि वह इंदौर में भी रोड शो करेंगी. उधर, प्रियंका के महाकाल दर्शन प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी और मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना भी साधा.
