Monsoon Update 2026: देश भर में मानसून की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के बचे हुए इलाके छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई इलाकों में आगे बढ़कर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जाहिर किया है कि अगले कुछ दिनों में मानसून बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है.
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. खास कर 27 और 28 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
झारखंड में सक्रिय होगा मानसून
झारखंड में मानसून की गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 25 से 27 जून के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 28 जून को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. इसके अलावा राज्य में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना बनी हुई है. 25 जून को कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
बिहार में बारिश के साथ लू की दोहरी मार
बिहार में मानसून की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद अगले 2 से 3 दिनों तक कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में 25 से 27 जून के बीच छिटपुट बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि 28 जून को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. बिहार के लोगों को गर्मी और उमस से फिलहाल पूरी राहत नहीं मिलेगी, हालांकि महीने के अंत तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी जारी रहेगी लू
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए अगले 4 से 5 दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. हालांकि 28 जून के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. 30 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे लंबे समय से पड़ रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में आंधी-तूफान की चेतावनी
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी, बिजली चमकने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह कई इलाको में भारी बारिश होने की संभावना है. 26 से 28 जून के दौरान असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
Also Read: भारी बारिश से बेहाल अरुणाचल: हाईवे बहा, बाढ़ में कई मकान तबाह, Video
गुजरात पहुंचा मानसून, भारी बारिश की चेतावनी, 40 डिग्री सेल्सियस की गर्मी से मिलेगी राहत
