Seraikela Kharsawan News : महिलाओं ने शटर गिराकर शराब दुकान बंद करायी

चांडिल डैम रोड स्थित शराब दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर काफी संख्या में महिलाएं दुकान के बाहर हाथों में तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गयीं.

चांडिल.

चांडिल डैम रोड स्थित शराब दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर काफी संख्या में महिलाएं दुकान के बाहर हाथों में तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गयीं. महिलाओं ने शराब की दुकान का शटर गिरकर बंद कराया. इस दौरान महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश प्रकट करते हुए शराब दुकान को अविलंब हटाने की मांग की.

धार्मिक स्थलों और स्कूल के पास शराब दुकान से आक्रोश

महिलाओं ने बताया कि यह शराब दुकान आवासीय बस्ती के बीच स्थित है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. खासकर शराब दुकान के समीप सार्वजनिक दुर्गा मंदिर, काली मंदिर, एक स्कूल तथा एक नदी स्थित है. सुबह-शाम महिलाएं स्नान व अन्य कार्यों के लिए इसी रास्ते से होकर गुजरती हैं. दुकान के बाहर अक्सर नशेड़ियों की भीड़ लगी रहती है, जिससे महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है.

इलाके में भय व असुरक्षा का माहौल

धरने में शामिल महिलाओं ने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं को भी शराबियों की मौजूदगी के कारण भय का वातावरण बना रहता है. छात्राएं स्वयं को असुरक्षित महसूस करती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि शराब दुकान के बाहर नशे में धुत लोगों द्वारा आये दिन मारपीट और अन्य आपत्तिजनक घटनाएं घटती रहती हैं, जिससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है.

शराब दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करे प्रशासन

महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि उक्त शराब दुकान को तुरंत अन्यत्र स्थानांतरित किया जाये ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था तथा शांति-सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है, तो महिलाएं आंदोलन के लिए बाध्य होंगी. धरना प्रदर्शन के बाद महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >