फाइनल में असम की रोहित-राहुल की जोड़ी ने जमशेदपुर को हराकर खिताब किया अपने नाम

विजेता को मिला ₹21 हजार नकद और ट्रॉफी, कुल 32 टीमों ने लिया भाग

ऊर्जानगर स्थित स्टाफ क्लब में महागामा बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित सातवीं दो दिवसीय अंतर्राज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शानदार समापन रविवार को हुआ. प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में असम टीम के रोहित और राहुल की जोड़ी ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर की अभिषेक-राहुल की जोड़ी को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया. फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा. दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक पलों में असम की जोड़ी ने धैर्य और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबला जमशेदपुर और देवघर के बीच खेला गया, जिसमें जमशेदपुर की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया.

विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी से किया गया सम्मानित

विजेता टीम (असम) को अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी ने ₹21,000 नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की. उपविजेता टीम (जमशेदपुर) को एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने ₹15,000 नकद और ट्रॉफी प्रदान की. तीसरे स्थान पर रही मुंगेर टीम को जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि याहिया सिद्दीकी ने ₹9,000 नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया. क्लब अध्यक्ष खुश्तर हसनैन ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में बंगाल, बिहार, झारखंड और असम के कुल 32 टीमों ने भाग लिया. सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में उत्साह और रोमांच बना रहा. हर रोमांचक रैली पर तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल जीवंत होता रहा. क्लब सचिव सरोज सिंह, महासचिव रूस्तम अली, नौसेरवा आदिल, सोनू पंडित, प्रभाकर, आनंद पंडित, संतोष सिंह, बच्चन सिंह आदि ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की. कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के टूर्नामेंट आयोजित किये जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को मंच मिल सके और उनकी प्रतिभा निखर सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >