झुमरीतिलैया. नगर पर्षद अंतर्गत वार्ड नंंबर 25 के देवी मंडप रोड स्थित बेलाटांड़ दलित बस्ती के चंदन कुमार, अमन भुइयां और रतन कुमार का 15 सूकरों की चोरी पांच सितंबर को रात्रि में हो गयी. जिसकी लिखित शिकायत तिलैया थाना में भी की गयी.जिसके बाद पुलिस कुछ लोगों को पकड़ कर थाने में पूछ ताछ कर छोड़ दिया. जिसके बाद पुलिस ने आगे कोई कार्रवाई नहीं की. इस संबंध में बुधवार को दलित शोषण मुक्ति मंच (डीएसएमएम) की एक टीम बेलाटांड़ में पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की जानकारी ली और ग्रामीणों के साथ एक बैठक भी की. जहां पीड़ितों ने बताया कि वे लोग बैंक से लोन लेकर सुअर पालन कर अपनी जीविका चला रहे थे. दलित शोषण मुक्ति मंच के जिला सचिव शंभू पासवान और सीटू के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने कहा कि जिले में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही है. बड़े घरों में चोरी की घटनाओं पर पुलिस सक्रिय हो जाती है, लेकिन इन गरीब दलित परिवारों की सुअर चोरी हो गया है तो इसे गरीबों का मामला समझकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. जिला पुलिस प्रशासन से मांग है कि सूकर चोरी को गंभीरता से लेकर चोरों को जल्द पकड़कर, मामले का पर्दाफाश करें. इस संबंध में जल्द ही दलित शोषण मुक्ति मंच का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह करेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
