अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत

बायोडायवर्सिटी पार्क के पास हुआ हादसा, बिलखता रही मृतक की गर्भवती पत्नी, मासूम बेटा

गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गोड्डा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के समीप रविवार की संध्या अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान 25 वर्षीय अंकित पासवान के रूप में हुई है, जो ठाकुरगंगटी निवासी सिकंदर पासवान का पुत्र था. बताया जा रहा है कि सिकंदर पासवान स्थानीय थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल गोड्डा भेज दिया. परिजनों के अनुसार, मृतक अंकित कुमार गोड्डा के नहर चौक स्थित गायत्री नगर में अपनी पत्नी अंजली देवी और डेढ़ वर्षीय पुत्र अनुभव कुमार के साथ निवास कर रहा था. रविवार शाम 4:30 बजे वह बाइक धोने की बात कहकर घर से निकला था. करीब 7:30 बजे गोड्डा नगर थाना की पुलिस ने परिजनों को सड़क दुर्घटना की सूचना दी, जिसमें अंकित की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. सदर अस्पताल में मृतक की पत्नी और उसका मासूम बेटा बिलखते रहे. परिजनों ने बताया कि अंजली देवी गर्भवती हैं, जिससे पूरे परिवार का दुख और अधिक गहरा हो गया है.

एक माह में दूसरी जान ले गया बालू माफिया का आतंक

गत जुलाई माह में भी इसी गोड्डा-रामगढ़ मार्ग पर एक युवक की जान अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चली गयी थी. उस दिन भी शाम के समय तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया था. गोड्डा जिले में विशेषकर नगर एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्रों के नदियों से अवैध बालू उठाव बदस्तूर जारी है. इस अवैध कारोबार के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं, झगड़े और जानलेवा घटनाएं सामने आ रही हैं. जिले में सक्रिय बालू माफिया के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे अवैध ट्रैक्टरों की आवाजाही पर रोक लगायी जाये और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाये, ताकि और मासूम जानें न जाये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >