मध्य विद्यालय यादवनगर में एसडीएम को मिले केवल 17 छात्र उपस्थित, एचएम का वेतन रोका

एचएम का वेतन रोका

भवानीपुर.धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने मंगलवार को मध्य विद्यालय यादवनगर भवानीपुर का सुबह करीब 11:45 बजे औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों की अत्यंत कम उपस्थिति देखकर एसडीएम हैरान रह गए. विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक कुल 149 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन निरीक्षण के समय मात्र 17 छात्र ही उपस्थित पाए गए. कक्षावार स्थिति भी बेहद चिंताजनक रही. कक्षा 1 से 5 तक एक भी छात्र उपस्थित नहीं थे. वहीं कक्षा 6 में 8, कक्षा 7 में 2 और कक्षा 8 में 7 छात्र ही मौजूद थे. एसडीएम अनुपम ने इसे शिक्षकों की गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन इस तरह की स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीएम ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी शिक्षकों के विरुद्ध वरीय अधिकारियों को लिखित सूचना देने की बात कहीं. विद्यालय में कुल पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं. इसके अलावा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से भी इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है. एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >