गुमला. गुमला में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ लोगों से दो लाख, 93 हजार रुपये की ठगी करने वाली महिला ठग सिन्हुआर, थाना- मोहनपुर, गया, बिहार निवासी सूर्यमंती कुमारी (30) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सोमवार को महिला ठग सूर्यमंती कुमारी को न्यायिक हिरासत में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि गुमला थाना के धनगांव में पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देते हुए लोगों को बहला फुसलाकर पैसा की वसूली किया जा रहा है. इसके तहत टीम का गठन कर छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान धनगांव पंडाटोली निवासी कांति कुमारी व अन्य लोगों से संपर्क करने पर बताया कि वादिनी कांति कुमारी करीब तीन वर्ष पूर्व सिलाई कंपनी में काम करने के लिए दिल्ली गयी थी. उसी दौरान कंपनी में ही सूर्यमंती कुमारी से मुलाकात हुई, तो सूर्यमंती कुमारी ने बताया कि उसका पति अविनाश कुमार दिल्ली पुलिस में दारोगा है. बहुत से लोगों को सरकारी नौकरी में लगाये हैं. इसके बाद सूर्यमंती ने कांति के पति को दिल्ली पुलिस में नौकरी दिलाने का वादा की. इसके एवज में पांच लाख रुपये लगेगा. लेकिन ढाई लाख रुपये तत्काल जमा करना होगा. पिंटू उर्फ अविनाश कुमार द्वारा बताया गया कि गुमला पुलिस अधीक्षक का कार्यालय में भी खाना बनाने व सफाई करने की वैकेंसी आयी है. यदि कोई काम करना चाहता है, तो उसके लिए प्रति व्यक्ति आठ हजार रुपये देने होंगे. इसके बाद वादिनी कांति कुमारी ने शांति केरकेट्टा, सेरोफिना बागे, अजय लोहरा, विजय लोहरा, सोनी देवी, वीरेंद्र लोहरा, सोनी देवी व अंजलीना बागे से कुल 64 हजार रुपये समेत दो लाख, 93 हजार रुपये की राशि पिंटू उर्फ अविनाश कुमार के खाते में फोन पे के माध्यम से भेज दिया. इसके बाद सूर्यमंती कुमारी अपने पति के साथ वादिनी कांति कुमारी के घर आयी. साथ ही कहा कि तुम्हें व तुम्हारे साथियों की भी नौकरी गुमला पुलिस में लग गयी है, जिसका ज्वाइनिंग लेटर देने आया हूं. इसके बाद सभी को ज्वाइंनिंग लेटर दिया गया. जब सभी लोग ज्वाइनिंग लेटर लेकर पुलिस के पास गये, तो पता चला कि वह फर्जी है. इसके बाद केस दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की. छापेमारी में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, थानेदार महेंद्र करमाली, एसआइ बबीता कुमारी, एसआइ गौतम वर्मा सहित पुलिस जवान मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
