Bhagalpur. पीजी हिंदी विभाग में राष्ट्रीय संगोष्ठी 8 से, आयोजन की तैयारियां पूरी
हिंदी के प्रसिद्ध आलोचक नामवर सिंह के जन्मशती वर्ष के अवसर पर तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी हिंदी विभाग में साहित्यिक अवदान पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 8 और 9 मई को किया जायेगा.
भागलपुर से आरफीन जुबैर की रिपोर्ट
भागलपुर. हिंदी के प्रसिद्ध आलोचक नामवर सिंह के जन्मशती वर्ष के अवसर पर तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी हिंदी विभाग में साहित्यिक अवदान पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 8 और 9 मई को किया जायेगा. कार्यक्रम का विषय नामवर सिंह आलोचना के नये प्रतिमान रखा गया है. इसके साथ ही संगोष्ठी में नामवर सिंह से जुड़े 21 उप-विषय भी शामिल किए गये हैं.संगोष्ठी संयोजक डॉ. दिव्यानंद ने बताया कि कार्यक्रम के संरक्षक कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा हैं. विभागाध्यक्ष सह मानविकी संकायाध्यक्ष डॉ. शिव शंकर मंडल इसकी अध्यक्षता करेंगे. परामर्शदात्री के रूप में डॉ. नीलू कुमारी शामिल हैं, जबकि संगोष्ठी सचिव की जिम्मेदारी डॉ. अनूप श्रीविजयिनी और डॉ. मनजीत कुमार सिंह निभायेंगे.उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में कोलकाता से प्रो. हितेंद्र पटेल, बनारस से प्रो. आशीष त्रिपाठी, रांची से वरिष्ठ हिंदी आलोचक रविभूषण और नामवर सिंह के पूर्व विद्यार्थी प्रो. चन्द्रभानु सिंह शामिल होंगे.यह राष्ट्रीय संगोष्ठी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आयोजित होगी. पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 मई कर दी गयी है, जबकि शोध पत्र स्वीकार करने की तिथि भी 7 मई निर्धारित की गयी है. अब तक लगभग 130 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है. बेहतर शोध पत्रों को ‘संवेद’ नामक पीयर-रिव्यूड साहित्यिक पत्रिका के विशेषांक में प्रकाशित करने की योजना है.