चकाई. बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के संघरा मोड़ के समीप पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. ब्रेथ एनालाइजर जांच में तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है. पुअनि नीतीश कुमार ने थानाध्यक्ष को दिये आवेदन में बताया कि गुरुवार को सरकारी वाहन से गश्त पर थे. शाम 4:30 बजे सूचना मिली कि संघरा मोड़ के समीप कच्ची सड़क पर कुछ लोग शराब के नशे में हंगामा कर रहे हैं. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीन व्यक्ति बीच सड़क पर खड़े होकर हंगामा कर रहे थे. पूछताछ में सभी ने अपना नाम बीरेंद्र कुमार वर्मा, पिता लूटन महतो, राम प्रसाद दास, पिता जगदीश रविदास, संदीप दास, पिता रघु रविदास बताया. सभी ग्राम इसर थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह के रहने वाले हैं. तीनों के मुंह से शराब जैसी गंध आने पर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई. जांच में तीनो के शराब सेवन की पुष्टि हुई. तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. तीनो पर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बिहार में शराब का सेवन, क्रय-विक्रय, भंडारण एक संगीन अपराध है. शराबबंदी को सख्ती से लागू किया जा रहा है. गिरफ्तार तीनों युवक झारखंड के रहने वाले हैं. पुलिस सीमा पार से शराब तस्करी और सेवन के नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
शराब के नशे में धुत तीन युवक गिरफ्तार
बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के संघरा मोड़ के समीप पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है
