अररिया. डीएम विनोद दूहन ने गुरुवार को विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया. अनुमंडल कार्यालय अररिया के निरीक्षण के क्रम में साफ-सफाई संबंधी इंतजाम, लिपिकों को आवंटित कार्य, संबंधित पंजियों व अनुक्रमण पंजी, प्राप्त पंजी, निर्गत पंजी, अनुमंडल नजारत प्रशाखा के मुख्य रोकड़ पंजी, सभी शीर्ष की सहायक रोकड़ पंजी की जांच की गयी. इसे अद्यतन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया. इस क्रम में कोर्ट से संबंधित लंबित मामले, स्थापना व आपूर्ति प्रशाखा के कार्यों की भी समीक्षा की गयी. कर्मियों को अपने कार्य व्यवहार में सुधार के लिए निर्देशित किया. इसके बाद भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय का निरीक्षण किया. इस क्रम में सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की गयी. न्यायालय से जुड़े कार्यों का समय बद्ध निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिया. इस क्रम में अनुमंडल पुलिस कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया. इस क्रम में उन्होंने विधि-व्यवस्था से संबंधित विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिये. इस क्रम में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय का भी निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा किया गया.
अपने कार्य व्यवहार में लाएं सुधार : डीएम
डीएम ने विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण
