गर्भवती महिलाओं की देखभाल व फाइलेरिया उन्मूलन पर दिया गया जोर

सीएचसी पथरगामा में चिकित्सा प्रभारी ने की समीक्षा बैठक

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पथरगामा में चिकित्सा प्रभारी डॉ. मोहन पासवान की अध्यक्षता में एएनएम और सीएचओ के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति, लक्ष्यों की प्राप्ति एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गयी. चिकित्सा प्रभारी ने सभी कर्मियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित कर उन्हें समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही एनीमिया की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर बल दिया. बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डॉ. पासवान ने कहा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए, यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाये.

संस्थागत प्रसव को दी जाये प्राथमिकता

उन्होंने बताया कि भलसुंधिया और रूपुचक पीएचसी में चिकित्सकों की पदस्थापना कर दी गयी है, जहां संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है. डॉ. पासवान ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (मॉप-अप राउंड) चलाया जा रहा है. इसके तहत 2 सितंबर तक लक्षित समूह को दवा खिलाने के निर्देश दिये गये हैं, जिससे इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सके. कुपोषण उपचार केंद्र की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया जाये. उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से इस कार्य में विशेष सतर्कता बरतने को कहा.

कालाजार और मलेरिया प्रभावित गांवों में करें जेआरएस छिड़काव

उन्होंने मलेरिया एवं कालाजार प्रभावित गांवों में चल रहे जेआरएस छिड़काव कार्य की भी समीक्षा की और यह सुनिश्चित करने को कहा कि छिड़काव सही तरीके से और पूरी सतर्कता के साथ किया जाये. बैठक में डॉ. सूर्यकांत गुलाटी, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि इन्दू शेखर झा, यूनिसेफ प्रतिनिधि रौशन मिश्रा, चंद्रशेखर चौधरी, विनय शंकर मिश्रा, पुतुल सोरेन सहित सभी एएनएम एवं सीएचओ उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >