मात्स्यिकी महाविद्यालय के स्थापना दिवस पर कई पुरस्कृत

पोठिया प्रखंड के मात्स्यिकी महाविद्यालय अर्राबाड़ी में सोमवार को सातवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

पहाड़कट्टा पोठिया प्रखंड के मात्स्यिकी महाविद्यालय अर्राबाड़ी में सोमवार को सातवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. महाविद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में वैज्ञानिक, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र एवं किसान उपस्थित थे. स्थापना दिवस कार्यक्रम में डॉ रामेश्वर सिंह कुलपति, गुरु काशी विश्वविद्यालय, पंजाब एवं बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति मुख्य अतिथि के रूप में तथा डॉ रमन त्रिवेदी, निर्देशक छात्र कल्याण राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा, समस्तीपुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. समारोह की अध्यक्षता कुलपति डॉ इंद्रजीत सिंह ने की. अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ वीपी सैनी ने महाविद्यालय द्वारा विगत वर्षों में किये गए कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी. इस अवसर पर प्राध्यापकों द्वारा लिखित विभिन्न विषयों की 7 प्रयोग पुस्तिकाओं, एक किताब का अनावरण अतिथियों द्वारा किया गया. साथ ही कॉलेज द्वारा तैयार की गयी 4 वीडियो डॉक्यूमेंट्री का अनावरण भी किया गया. कार्यक्रम की मुख्य कड़ी में सहायक प्राध्यापकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्षिक पुरस्कार से नवाजा गया. जिसमें सर्वश्रेष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ नरेंद्र वर्मा एवं डॉ ममता सिंह, सर्वश्रेष्ठ छात्रा आराधना, सर्वश्रेष्ठ सहायक कर्मचारी दिलीप कुमार तथा सर्वश्रेष्ठ कुशल कर्मचारी का पुरष्कार राजेंद्र पासवान को दिया गया तथा प्रगतिशील मत्स्य कृषक महेश मुखिया को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मत्स्य खाद्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व एवं पश्चिम के राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजनों को शामिल किया गया जिसके स्वाद की सभी ने सराहना की. विशिष्ट अतिथि डॉ रमन त्रिवेदी ने छात्रों एवं शिक्षकों को पढ़ाई में नवाचार को शामिल करने को प्रोत्साहित किया गया तथा राष्ट्र के निर्माण में सहयोगी बनने की अपील की. कुलपति ने अपने अभिभाषण में छात्रों को अनुशासित रहते हुए अध्ययन करने तथा देश-विदेश में हो रहे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में विश्वविद्यालय का परचम लहराने का आह्वाहन किया. मुख्य अतिथि डॉ रामेश्वर सिंह ने अपने अभिभाषण में महाविद्यालय की उपलब्धियों को सराहा तथा साथ मिलकर समूह में कार्य करने का सुझाव दिया. उन्होंने नयी शिक्षा नीति अंतर्गत शिक्षण कार्यो को फलीभूत करने की सलाह दी. मंच संचालन डॉ ममता सिंह एवं सबा नबी तथा धन्यवाद ज्ञापन तापस पाल ने किया. कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा प्रस्तुत कला एवं नृत्य के रंगारंग कार्यक्रम द्वारा किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >