तीन गाड़ियों की भिडंत में ट्रक चालक की गयी जान, आधे दर्जन घायल

लाखो थाना क्षेत्र स्थित एनएच-31 पनसल्ला के पास सूरदास ढाला के समीप सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसे की घटना हुई.

बेगूसराय. लाखो थाना क्षेत्र स्थित एनएच-31 पनसल्ला के पास सूरदास ढाला के समीप सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसे की घटना हुई. तीन गाड़ियों की भिड़ंत में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि आधे दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृत चालक की पहचान नवादा जिले के मुफस्सिल थाना अंर्तगत आषाढ़ी निवासी 26 वर्षीय मंटू कुमार के रूप में की गयी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा तब हुआ जब एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया. अनियंत्रित ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक चालक की मौके पर ही जान चली गयी और दूसरा चालक बुरी तरह वाहन में फंस गया. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. इसी दौरान खगड़िया से आ रही एक तेज रफ्तार कार भी संतुलन खो बैठी और ट्रक से टकरा गयी. हादसे में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गयी और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान पटना जिले के सानू कुमार, जावेद इकबाल और निहाल हुसैन के रूप में हुई है.

वहीं ट्रक चालक बृजेश कुमार यादव और उसका उपचालक भी गंभीर रूप से जख्मी बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को आनन-फानन में बेगूसराय सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है. जहां तीन की हालत नाजुक बनी हुई है. मृत चालक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >