दैनिक जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम जनता त्राहिमाम
साहिबगंज.झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से गुरुवार को जिला अध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गलत नीतियों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ साहिबगंज रेलवे स्टेशन
साहिबगंज.
झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से गुरुवार को जिला अध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गलत नीतियों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ साहिबगंज रेलवे स्टेशन चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए. धरना-प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. प्रदर्शनकारियों ने रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को आम जनता पर आर्थिक बोझ बताया. जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है. चुनाव के समय गरीबों और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए गए थे. लेकिन आज महंगाई और बेरोजगारी ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन देने वाली सरकार अब गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर गरीबों की रसोई पर चोट पहुंचा रही है. विधायक प्रतिनिधि मारूफ गुड्डू ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां केवल बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनायी जा रही हैं. आम जनता महंगाई की मार से परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. पूर्व जिला अध्यक्ष नज़रुल इस्लाम ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है. रसोई गैस, खाद्य सामग्री और ईंधन की बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आम लोगों की परेशानियां और बढ़ जाएंगी. सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू बास्की ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने का काम कर रही है. महंगाई और बेरोजगारी ने लोगों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है. उन्होंने कहा कि झामुमो जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करता रहेगा. धरना-प्रदर्शन के बाद झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण की मांग की. इस मौके पर जिला सचिव सुरेश टुडू, केंद्रीय समिति सदस्य संजय मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा, संजीव सामु हेंब्रम, जिला युवा मोर्चा सचिव मो मारुफ, प्रो नजरुल इस्लाम, नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, केंद्रीय समिति सदस्य सुरेंद्र यादव, अमरनाथ यादव, अखलाकुर रहमान, राजमहल नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, प्रो मोज़म्मिल हक़, अमरनाथ सिंह, स्टीफन मुर्मू, शकील अंसारी, नगर अध्यक्ष आदित्य यादव, नगर सचिव मो नोमान अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष राजू अंसारी, मो रियाजुल, मो आफताब, अमरनाथ यादव सहित दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे.