कुमारखंड प्रखंड के भतनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर सुंदर पंचायत के पथराहा टोला वार्ड संख्या 11 एवं 12 में बीते दो दिनों से हो रही रहस्यमयी आगजनी की घटनाओं ने पूरे इलाके में भय एवं सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है. ग्रामीणों के अनुसार यह आग बिना किसी स्पष्ट कारण के अपने आप लग रही है, इससे लोग दहशत में हैं और अपने घरों में रहने से भी डरने लगे हैं. बताया जाता है कि इस अजीबोगरीब घटना की शुरुआत सोमवार को हुई, जब अचानक एक के बाद एक 14 परिवारों के घरों में आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. कई घरों में रखे कपड़े, अनाज, बर्तन एवं अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गये. हालांकि स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से आग पर किसी तरह काबू पाया गया, इससे बड़ी क्षति होने से बचाव हो सका. घटना की गंभीरता को देखते हुये प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हो गया. सूचना मिलते ही भतनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं स्थिति का जायजा लिया. वहीं सोमवार की देर रात मधेपुरा के अनुमंडल पदाधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हालात की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने एवं हर संभावित कारण की गहन जांच करने का निर्देश दिया. मंगलवार की सुबह भी हालात सामान्य नहीं रहे. एक बार फिर चार परिवारों के घरों में अचानक आग लगने की घटना सामने आयी. हालांकि इस बार पहले से सतर्क ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर मौजूद थी, जिन्होंने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पा लिया. ग्रामीणों की सजगता के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गयी. इस प्रकार दो दिनों में कुल 18 घर आगजनी की इस रहस्यमयी घटना से प्रभावित हो चुके है. प्रशासन द्वारा एहतियातन मौके पर दमकल की गाड़ियों को तैनात कर दिया गया है और पुलिस बल लगातार निगरानी में जुटा हुआ है. हर छोटी-बड़ी घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा रही है, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटनाएं अचानक ही नहीं शुरू हुई है. ग्रामीण पीर मोहम्मद ने बताया कि लगभग एक महीने पहले, रमजान के करीब 15वें दिन के बाद से ही अजीब घटनाएं होने लगी थी. उन्होंने बताया कि उस समय घरों में अपने आप खाने-पीने का सामान बिखर जाता था एवं गैस चूल्हा या मिट्टी का चूल्हा अपने आप टूट जाता था. हालांकि उस समय लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन अब यह घटनाएं आगजनी के रूप में सामने आ रही हैं. सोमवार को जिन लोगों के घरों में आग लगी, उनमें मो वजीर, मो इंजिल, मो अब्दुल रजाक, सलीम, कलीम, समीम, हलीम, शोएब, महरूम, कलाम सहित कई अन्य शामिल है. वहीं मंगलवार सुबह मो कलाम, जमीला, इंजिल एवं सलीम के घरों में भी आग लगने की घटना सामने आयी. फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग रात-रात भर जागकर अपने घरों की रखवाली कर रहे है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने एवं सतर्क रहने की अपील की है. साथ ही इस रहस्यमयी आगजनी के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान एवं सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.
रहस्यमयी आग से दहशत : कुमारखंड के पथराहा टोला में दो दिनों में 18 घर प्रभावित
आग को फैलने से रोका जा सके.स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटनाएं अचानक ही नहीं शुरू हुई है.
